गन्नौर। हुनर और रचनात्मकता को अवसर में बदलने की सोच हो तो शौक भी स्वरोजगार का जरिया बन सकता है। खेड़ी तगा गांव की स्वाति त्यागी इसी सोच के साथ हस्तकला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
वह मिट्टी से आकर्षक कलाकृतियां और सजावटी वस्तुएं तैयार करने के साथ डीआईवाई पेंट किट, विभिन्न डिजाइनों की मोमबत्तियां और रूम फ्रेशनर भी बना रही हैं। उनके हाथों से तैयार उत्पादों में रचनात्मकता के साथ नए प्रयोगों की झलक दिखाई देती है। सोशल मीडिया के माध्यम से वह अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं और उन्हें ऑर्डर भी मिल रहे हैं।
विज्ञापन
स्वाति ने बताया कि कुछ अलग करने की इच्छा ने उन्हें इस काम की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया। वह ऐसे उत्पाद तैयार करना चाहती थीं, जो आकर्षक होने के साथ लोगों के लिए उपयोगी भी हों।
इसी उद्देश्य से उन्होंने अलग-अलग तरह की हस्तनिर्मित वस्तुएं बनानी शुरू कीं। मिट्टी को मनचाहा आकार देकर कलाकृतियां तैयार करने से लेकर घर की सजावट के लिए नए डिजाइन विकसित करने तक वह खुद काम करती हैं। इससे अन्य लोगों को भी रोजगार मिलता है।