-फोटो 61 : पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अनिल रोहिल्ला को सुझाव पत्र सौंपते हुए चेयरपर्सन सरोज राठी। व
बहादुरगढ़। नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यकारी अभियंता अनिल रोहिल्ला से मुलाकात कर उन्हें दिल्ली-रोहतक रोड की निर्माण प्रक्रिया को लेकर पांच अहम सुझावों वाला ज्ञापन सौंपा। चेयरपर्सन ने कहा कि यह सड़क बहादुरगढ़ शहर की जीवनरेखा है और इस पर रोजाना हजारों वाहन चलते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता और तकनीकी मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि यह सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रह सके और दोबारा जर्जर न हो।
राठी ने ज्ञापन में कहा कि दिल्ली-रोहतक रोड के सिविल अस्पताल के सामने, लाल चौक के पास, पूर्व विधायक सूरजमल वाली गली, मुंगेशपुर ड्रेन के पास विवेकानंद नगर चौक और मेट्रो स्टेशन के नीचे के हिस्से काफी लो-एरिया (निचले इलाके) में आते हैं।
यहां अक्सर जलभराव की समस्या बनी रहती है जिसके कारण सड़क बार-बार टूट जाती है और गड्ढे बन जाते हैं। इस वजह से न केवल लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है बल्कि ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनती रहती है।
चेयरपर्सन ने सुझाव दिया कि ऐसे स्थानों पर या तो सीमेंट-कंक्रीट से सड़क बनाई जाए या फिर मेस्टिक परत बिछाई जाए ताकि पानी का प्रभाव सड़क की सतह पर न पड़े। उन्होंने मांग की कि टेंडर कंडीशन के अनुसार अगर ऐसा न हो सके तो इन स्थानों पर तारकोल कंक्रीट की मात्रा बढ़ाई जाए।
इन स्थानों पर काफी निचले क्षेत्र हैं। यहां पर तारकोल की परत को बढ़ाकर इसका लेवल ऊंचा किया जाए। इसके अलावा सड़क का ढलान नाले की ओर रखा जाए जिससे वर्षा का पानी तुरंत बह सके और सड़क पर जमा न हो।
उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में ये तकनीकी सुधार अपनाए जाएं तो यह सड़क वर्षों तक मजबूत और टिकाऊ रहेगी। इतना ही सड़क किनारे लगाई जा रही टायलों को तारकोल की सड़क से नीचे रखी जाए ताकि पानी तारकोल की सड़क पर न आए। इस मौके पर रमेश राठी भी उपस्थित रहे। ज्ञापन सौंपने के बाद एक्सईएन अनिल रोहिल्ला ने कहा कि चेयरपर्सन के सुझाव पर अमल करने का पूरा प्रयास रहेगा।