बहादुरगढ़। बराही फाटक के नजदीक किराए के मकान में रहने वाले दंपती के शव कमरे में पंखे से लटके मिले। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों ने एक साथ खुदकुशी की है। लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि युवा दंपती ने स्वयं फंदा लगाकर जान दी है या उनकी मौत का कोई अन्य कारण था। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वे बिहार में ही रहते हैं। मृतकों के शव शहर के नागरिक अस्पताल में रखवा दिए गए हैं।
बिहार के जिला नालंदा का रामपाल बहादुरगढ़ की एक कंपनी में काम करता था। वह बराही फाटक के पास किराए के मकान में रहता था। कुछ दिनों पहले ही बिहार में उसने काजल से शादी की थी। बताया गया है कि सप्ताहभर पहले ही वे दोनों बिहार से बहादुरगढ़ में अपने कमरे में रहने के लिए आए थे। बुधवार को दोनों के शव कमरे में छत के पंखे से लटकते मिले। दोनों के गले में एक ही चुन्नी के दो अलग-अलग फंदे थे। जिस मकान के ऊपरी हिस्से में वे रह रहे थे, उससे नीचे रहने वाले लोगों को जब कुछ गिरने का अंदेशा हुआ तो उन्होंने ऊपर जाकर देखा। रामपाल व काजल ने पंखे से फंदा लगाया हुआ था।
पास में रहने वालों से पूछताछ में पुलिस को पता लगा है कि पति-पत्नी के बीच बुधवार को किसी बात को लेकर कहासुनी भी हो गई थी। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि घटना से कुछ देर पहले काजल का भाई दुकान से भोजन लेने के लिए बाहर गया था। हो सकता है कि उसको काजल और उसके पति ने ही योजनाबद्ध तरीके से भेजा हो।
दंपती के शव लटके होने की सूचना मिलने पर लाइनपार थाना प्रभारी अशोक कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि रामपाल व उसकी पत्नी काजल के शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिए गए हैं। उनके परिवार के सदस्य वीरवार तक बहादुरगढ़ पहुंचेंगे और उनके बयान दर्ज होने के बाद उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।