ढांसा बॉर्डर पर युवक ने ट्रैक्टर स्टंट कर दिखाए करतब
संवाद न्यूज एजेंसी
बादली। बाइकर्स को तो स्टंट करते हुए आपने अकसर देखा होगा, लेकिन दिल्ली के ढांसा बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान एक युवक ने ट्रैक्टर से स्टंट दिखाया। युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना खतरनाक स्टंट किए। ट्रैक्टर से स्टंट को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई।
स्टंटबाज के ट्रैक्टर पर सिलाना गांव और नाम संदीप राठी लिखा हुआ था, जिसके एक ही इशारे पर पूरा ट्रैक्टर घूम जाता है। उसके एक ही इशारे पर ट्रैक्टर पीछे के दोनों पहियों पर चलने लगाता है। धूल के गुबार उड़ते हुए वो खतरनाक स्टंट करता रहा। आंदोलन में शामिल किसानों ने उसे स्टंटबाज ट्रैक्टर वाला कहा। युवक ने कभी ट्रैक्टर को चार पहियों पर चलाया तो कभी दो पहियों पर। यहां पर जुटे लोग इसे अपने मोबाइल में भी कैद करते रहे। काफी मनोरंजन करने के बाद स्टंटबाज ने पीछे के दो पहियों पर ट्रैक्टर खड़ा करके लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
-फोटो 14 : ट्रैक्टर से स्टंट करता युवक ।
---------------