कैशलेस लेन-देन प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए शहर के रेलवे रोड स्थित शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में शुक्रवार को बसंत उत्सव मेले का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन जिला उपायुक्त आरसी बिढ़ान ने किया और एसडीएम मनीषा शर्मा के साथ मेला परिसर में लगी स्टाल का अवलोकन किया। साथ ही आमजन को कैशलेस लेन-देन प्रक्रिया में सहभागी बनने की अपील की।
उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण ने कहा कि जिले के चारों उपमंडल झज्जर, बेरी, बादली और बहादुरगढ़ में लगे बसंत उत्सव मेले में करीब 30 लाख की राशि का भुगतान कैशलेस तरीके से हुआ है। ऐसे में कैशलेस लेनदेन प्रक्रिया को बढ़ावा मिला। मेला परिसर में आने वाले लोगों को सरकार की जनहितकारी नीतियों के बारे में जागरूक करने के साथ ही स्टाल पर वस्तुओं की खरीद भी कैशलेस तरीके से करवाई है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया पहल को आगे बढ़ाते हुए कैशलेस और डिजिटल भुगतान प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। आमजन को इस प्रक्रिया की सरलतम तरीके से जानकारी जागरूकता कैंप और वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि इस मेले के माध्यम सके लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि इंटरनेट बैंकिंग, विभिन्न मोबाइल ऐप, पेटीएम इत्यादि के माध्यम से लेन-देन किया जा सकता है।
मेलों में लगे रक्तदान शिविर में एकत्रित हुए 377 यूनिट रक्त
उपायुक्त एवं जिला रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष रमेश चंद्र बिढ़ाण ने बताया कि झज्जर, बेरी, बादली और बहादुरगढ़ उपमंडल में लगे रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं का अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि रक्तदाताओं की पहल से झज्जर जिले के चारों बसंत उत्सव मेलों में करीब 377 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है। जिसमें 123 यूनिट रक्त बहादुरगढ़ में एकत्रित हुआ है।
कविता ने दिया सार्थक संदेश
बसंत उत्सव मेले में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहादुरगढ़ की छात्रा ज्योति ने उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण के समक्ष बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ शीर्षक के तहत कविता पाठ कर बेटियों की स्वावलंबिता को दर्शाया और उपस्थित लोगों को एक सार्थक संदेश दिया। उपायुक्त ने छात्रा ज्योति को प्रोत्साहित करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ये रहे मौजूद
मेले में नायब तहसीलदार श्रीभगवान, डीएसपी भगत राम, डीआईओ अमित बंसल, बीईओ मदन लाल चोपड़ा, प्राचार्य धर्मबीर शर्मा, रेडक्रास सोसायटी सचिव महेश गुप्ता, एआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीएफएससी अशोक शर्मा, एसडीओ कृषि सुनील कौशिक, एसडीओ पशुपालन मनीष डबास, पीओ अश्विनी मिश्रा, सतेंद्र दहिया सहित अन्य मौजूद रहे।