शव मिलने के इंतजार में खड़े मृतक के परिजन।
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। रात के समय जिला पुलिस के रात्रि गश्त अभियान के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक एसपीओ की बाइक को बहादुरगढ़ रोड बाईपास के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना राहगीरों ने एंबुलेंस व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसकी सहायता से कर्मी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले के अमादल शाहपुर गांव निवासी ईश्वर सिंह पुत्र गणपत राम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका बेटा अजीत सिंह फौज से सेवानिवृत्त होने के बाद एसपीओ के पद पर झज्जर यातायात पुलिस में तैनात था। शुक्रवार को अजीत सिंह रात्रि गश्त पर था। उन्हें शनिवार अलसुबह करीब 2 बजे पर फोन पर सूचना मिली कि अजीत की ड्यूटी के दौरान चाय पीने के लिए बहादुरगढ़ पुल के पास होटल पर गया था। जहां से वापस आते समय बहादुरगढ़ रोड बाईपास पुल के ऊपर किसी अज्ञात वाहन चालक ने अपनी गाड़ी से अजीत की बाइक में टक्कर मार दी और फरार हो गया। वहां से अजीत को एंबुलेंस द्वारा झज्जर के सामान्य अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही वाहन चालक का सुराग लगा कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- नरसिंह, शहर पुलिस थाना प्रभारी, झज्जर।