झज्जर। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) कार्यक्रम 2024-26 के तहत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कबलाना के एसपीसी कैडेट्स को उत्कृष्ट प्रदर्शन व अनुशासन के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डीसीपी हेडक्वार्टर झज्जर फैसल खान और विशिष्ट अतिथि एसीपी झज्जर अखिल कुमार रहे। प्रधानाचार्य पंकज वालिया ने अतिथियों का स्वागत किया। डीसीपी फैसल खान ने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एसपीसी कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, कानून के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करता है।
एसीपी अखिल कुमार ने खेलों को शारीरिक व मानसिक मजबूती, टीम भावना और आत्मविश्वास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। समारोह में प्रधानाचार्यों और एसपीसी इंचार्ज रीतू को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।