जटवाड़ा मोहल्ला के एक निर्धन परिवार में जन्में जसविंद्र राठी ने कड़ी मेहनत और लग्न से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद पाया है।
जसविंद्र की उपलब्धि से उसका परिवार बेहद खुश है। सोमवार को पूर्व विधायक नफे सिंह राठी और परिजनों ने उसका जोरदार स्वागत किया।
जसविंद्र का जन्म 2 अक्तूबर 1992 को जटवाड़ा मोहल्ला के 5 बिसवा में हुआ। चार साल की उम्र में ही उनके सिर से पिता जोगेंद्र राठी का साया उठ गया। उनकी माता सरोज और चाचा देवेंद्र ने तीनों भाई-बहनों की परवरिश की।
जसविंद्र ने भी पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। 13 जून को सेना से पासिंग आउट हुए जसविंद्र ने पूरा श्रेय अपनी मां सरोज, चाचा देवेंद्र, बहनों को दिया।
वापस लौटने पर जसविंद्र का जोरदार सम्मान किया गया। पूर्व विधायक नफे सिंह राठी ने कहा कि जसविंद्र बधाई के पात्र हैं और हम उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। वह इसी ईमानदारी और लगन से देश सेवा करे।
स्वागत समारोह में खेमचंद भारद्वाज, रामनिवास सैनी, रतन सिंह मोर, आजाद सिंह राठी, सुभाष सैनी, मास्टर सुखबीर सरोहा, अलीशेर खान, जयभगवान जोगी, भरत छिल्लर, कर्मबीर फौगाट आदि उपस्थित रहे।