झज्जर लघु सचिवालय में लगें समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए डीसी शक्त
झज्जर। समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए डीसी शक्ति सिंह ने अधिकारियों को अविलंब समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में 43 शिकायतें दर्ज हुई जिन पर सुनवाई करते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिया।
शुक्रवार को आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी शिविर में मौजूद रहे। शिविर में ग्रामीण पेयजल, सड़क निर्माण, अतिक्रमण, पेंशन, परिवार पहचान पत्र आदि से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंचे। जिनका जिला उपायुक्त व अतिरिक्त उपायुक्त ने गंभीरता के साथ निदान किया। सोमवार को समाधान शिविर लगाया जाएगा। माच्छरौली निवासी मनीष ने गली में अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को एक्शन लेने के निर्देश दिए। झज्जर निवासी मुकेश ने अपनी कैंसर पीड़ित पति की पेंशन बनाने की प्रार्थना समाधान शिविर में की। इस पर सुनवाई करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन बनाने के निर्देश दिए। पहाड़ीपुर गांव के ग्रामीणों ने शिविर में छुछकवास-माजरा सड़क मार्ग पर अतिक्रमण व सड़क की खराब हालात को लेकर शिकायत की। डीसी ने लोक निर्माण व पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। झज्जर निवासी नरेश ने इंतकाल दर्ज करने में देरी करने की शिकायत दी। इस मामले में डीआरओ को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बेनी निवासी रामरत्ती ने शिकायत दी कि उसकी बेटी के बेटे के सिर पर मां=पिता का साया नहीं है ऐसे में उसकी पढ़ाई लिखाई के लिए किसी योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाई जाए। इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।