: बैठक में मौजूद उद्योगपति व जीएसटी अधिकारी।
बहादुरगढ़। फुटवियर पार्क एसोसिएशन कार्यालय में बीसीसीआई पदाधिकारियों व बहादुरगढ़ के उद्योगपतियों की जीएसटी अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श हुआ। बीसीसीआई पदाधिकारियों ने अधिकारियों के समक्ष अनेक समस्याएं रखी। कुछ का तो मौके पर समाधान हो गया, लेकिन कुछ समस्याएं अधूरी रह गई। अधिकारियों ने उन्हें समस्याओं के जल्द निदान का आश्वासन दिया।
बैठक में बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज व फुटवियर पार्क एसोसिएशन के प्रधान सुभाष जग्गा ने बताया कि बहादुरगढ़ एक बहुत बड़ा फुटवियर हब है। कुल साढ़े सात हजार फैक्ट्रियां है। इनमें 3 हजार से अधिक फुटवियर उद्योग हैं। छोटी फुटवियर इंडस्ट्री बहादुरगढ़ के एमआईई पार्ट ए बी में स्थित है, जबकि बड़ी इकाई एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 और 17 में स्थित है। उद्योगपति जीएसटी में कटौती चाहते है। फिलहाल एक हजार रुपये के जूते पर 12 प्रतिशत जीएसटी लगता है। बहादुरगढ़ फुटवियर पार्क एसोसिएशन के प्रधान सुभाष जग्गा ने मांग की है कि इस जीएसटी को कम करके 5 प्रतिशत किया जाए। इनकम टैक्स स्लैब में कमी की जाए। एमएसएमई में काम करने वाले उद्योगपतियों को राहत देनी चाहिए, फिलहाल 45 दिन में भुगतान का नियम है। इस नियम में बदलाव करते हुए 90 दिन का टाइम होना चाहिए। बैठक में डिप्टी ईटीसी आदित्येंद्र तक्षक, ईटीओ नवीन नांदल, ईटीओ विजय भाटिया, बीसीसीआई के वरिष्ठ उप प्रधान विकास आनंद दहिया (सोनी), पवन जैन, सुनील गर्ग, जगदीश शर्मा, अखिल मित्तल, अभय जैन, दर्शन सिंह समेत अन्य उद्योगपति उपस्थित रहे।