साल्हावास। शहीद रामकिशन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खानपुर खुर्द में प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल लोगों की समस्या सुन कर उनका समाधान कर रहे थे। यहां ब्लॉक समिति सदस्य अमित गहलावत ने सवाल उठाया कि खानपुर कलां से गोठडा के रास्ते में ही बिजली निगम ने पोल लगा दिए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में समस्या होती है।
इस पर एक्सईएन बिजली विभाग ने कहा कि पोल पहले लगे हैं और रास्ता बाद में बना है। जबकि शिकायतकर्ता ने कहा कि रास्ता पहले बना है और पोल बाद में लगाएं गए हैं। इसके बाद सीमेंट कंपनी आई है। उसने सीएम तक शिकायत लगा दी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। इस पर एडीसी जगनिवास ने कहा कि रास्ता तो पहले से ही बना हुआ है, पक्का बाद में हुआ होगा। उन्होंने एक्सईएन बिजली विभाग को निर्देश दिए कि निश्चित समय में पोल हटवाएं जाएं।
वहीं रवींद्र गहलावत ने कहा कि पांच करोड़ रुपये पेयजल पर खर्च हुए हैं, लेकिन पानी इतना खराब आता है कि स्टील के बर्तन तक खराब हो जाते हैं। इस पर उपायुक्त ने एसडीओ पब्लिक हैल्थ को निरीक्षण कर समाधान के लिए आदेश दिए। गोरिया से आंगनबाड़ी वर्कर ने आंगनबाड़ी बनवाने की गुहार लगाई, जिस पर उपायुक्त ने जिला परिषद को मांग भेजने के लिए कहा है।
खानपुर कलां के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से जलघर के कर्मचारियों पर भेदभाव के आरोप लगाते हुए स्टाफ बदलने व समय पर तथा नियमित रूप से पेयजल सप्लाई की मांग की। गोगा कमेटी ने शिव मंदिर से गोगाजी मंदिर तक रास्ता बनवाने की मांग की। इस पर उपायुक्त ने अधिकारियों को मौका निरीक्षण करने के लिए कहा। ग्रामीणों ने पीएमश्री व माॅडल स्कूल खानपुर खुर्द में बनवाने की मांग की।
कार्यक्रम में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए।
30jjrp18- खानपुर खुर्द में रात्रि ठहराव के दौरान शिकायत सुनते डीसी, एडीसी। संवाद