पावर हाउस की बगल से बराही फाटक की ओर जाने वाले मार्ग पर खुले सीवरों की जनस्वास्थ्य विभाग ने सुध ले ली है। अमर उजाला समाचार पत्र में खबर छपते ही विभाग हरकत में आया और सोमवार की सुबह खुले पड़े दोनों सीवरों को ढक दिया गया। समस्या के समाधान से राहगीरों को काफी राहत मिली है।
दरअसल, इस मार्ग पर पिछले करीब एक माह से यह समस्या गहराई हुई थी। महज दस मीटर के दायरे में दो सीवर खुले थे। इस वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही थी। जाम तो होता ही था, हादसा होने की आशंका भी बनी रहती थी। सीवर से उठने वाली दुर्गंध के कारण वातावरण भी दूषित हो रहा था। सोमवार को अमर उजाला ने समाचार के जरिये इस मुद्दे को उठाया। खबर प्रकाशित होते ही विभाग के अधिकारी हरकत में आए। सुबह ही जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया। दोनों सीवरों को ढक दिया गया। नए सिरे से स्लैब डालकर दोनों सीवरों को दुरुस्त किया गया है। विभाग के एक्सईएन श्रीकिशन दहिया ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही कर्मचारी मौके पर भेज दिए गए थे। सीवरों को ढक दिया गया है। अब लोगों को परेशानी नहीं होगी।