फोटो: सोनीपत के गांव खुबडू स्थित बाबा समक शाह ऋषि धाम में शिव की मूर्ति स्थापना पर मौजूद विधाय
गन्नौर। गांव खुबडू स्थित बाबा समक शाह ऋषि धाम में धार्मिक आस्था के साथ विकास की नई तस्वीर दिखाई देने लगी है। धाम के पवित्र कुंड में भगवान शिव की मूर्ति विधिवत रूप से स्थापित की गई। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र कादियान भी मौजूद रहे। मूर्ति स्थापना के साथ परिसर के सुंदरीकरण का कार्य भी तेजी से हो रहा है। लगभग 4 एकड़ में फैले इस धार्मिक स्थल को तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने के लिए करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें विधायक निधि और ग्राम पंचायत का सहयोग है।
कुंड के बीच करीब 15 फीट ऊंचे पिलर पर शिव की मूर्ति स्थापित होने से धाम का स्वरूप और आकर्षक हो गया है। परिसर में श्रद्धालुओं के लिए महिला-पुरुष के अलग शौचालय, चाहरदीवारी और शेड बनाए गए हैं। इसके अलावा पौधरोपण, रोशनी और रास्तों को बेहतर बनाने के कार्य भी किए जा रहे हैं। समसपुर अड्डा से धाम तक स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि बाबा समक शाह ऋषि धाम केवल खुबडू ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों की आस्था का केंद्र है। ऐसे धार्मिक स्थलों का संरक्षण करना और उन्हें बेहतर सुविधाओं से जोड़ना हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर महंत दीपक नाथ, सरपंच गुरमेल धनखड़, प्रवीन कुमार, मंजीत, ओमबीर, ओमप्रकाश, सुरेंद्र, नरेश, आजाद, हरिओम, मेहर सिंह भी मौजूद रहे।