03jjrp08- झज्जर। नेहरू कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में मैच खेलते हुए खिलाड़ी। संवाद
झज्जर। एनएससीए झज्जर और शिव संगम क्रिकेट अकादमी रोहतक की टीम के बीच खेले गए क्रिकेट मैच में शिव संगम क्रिकेट अकादमी की टीम ने 139 रनाें से जीत दर्ज की। शिव संगम क्रिकेट अकादमी की टीम के खिलाड़ी यशनील को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
नेहरू काॅलेज क्रिकेट ग्राउंड झज्जर में एनएससीए झज्जर और शिव संगम क्रिकेट अकादमी रोहतक की टीम के बीच एनएससीए विंटर कप का क्रिकेट मैच खेला गया। एनएससीए झज्जर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिव संगम क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में तीन विकेट पर 306 रन बनाए।
इस दौरान बल्लेबाजी में यशनील ने 134 गेंदों में 21 चौकों व दो छक्कों की मदद से 180 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान हिमांक सहगल ने 65 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 70 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में गर्व व कप्तान जयत ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनएससीए झज्जर की टीम 35.3 ओवराें में 167 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में आरुष ने 45 गेंदों में 40 रन और कप्तान जयत व संकल्प ने 34-34 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में दुर्गेश व मुकुंद ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। इस दौरान मैच में शिव संगम क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी यशनील को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज व दुर्गेश को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।