झज्जर। 9 अप्रैल से चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नवरात्र को लेकर बाजारों में दुकानों पर पूजन सामग्री, नारियल, चुनरी व अन्य सामग्री आना शुरू हो चुकी है। इसके अलावा मंदिरों में भी तैयारी शुरू कर दी गई है। शहर के प्रमुख मंदिरों को सोमवार को सजाया जाएगा।
वहीं बाजार में इस बार नवरात्र पर महंगाई का तड़का लग गया है। बाजार में फल दोगुने दामों पर बिक रहे हैं। पूजन सामग्री भी पिछले बार की अपेक्षा महंगी है। नवरात्रों के दिन हिन्दू मान्यताओं के अनुसार सबसे पवित्र दिनों की श्रेणी में आते हैं। नवरात्र के 9 दिन तक लोग पूजा-अर्चना करते हैं और व्रत रखते हैं। अंतिम दिन कन्याओं का पूजन किया जाता है। बाजार की बात करे तो 50 से 60 रुपये दर्जन मिलने वाला केला अब 80 से 100 रुपये दर्जन मिल रहा है। इसी प्रकार से आम की अभी शुरुआत हुई है। इस समय आम 200 रुपये किलो बिक रहा है। दस दिन पहले 100 रुपये में डेढ़ से दो किलो बिकने वाला अंगूर अब 80 रुपये किलो मिल रहा है। दुकानदार धर्मेंद्र, दिनेश ने बताया कि सोमवार को अमावस्या और मंगलवार से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नवरात्र को लेकर बाजार में सामान आ गया है।
शहर के प्रमुख मंदिरों में होगी सजावट
शहर के प्रमुख मंदिरों में नवरात्र पर सजावट की जाती है। नवरात्र के दौरान श्री कांशी गिरि मंदिर, बाबा प्रसाद गिरि मंदिर, 84 घंटे वाला मंदिर, प्रेम मंदिर, दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए जाते हैं।