झज्जर। साल्हावास पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ढलानवास गांव में शनिवार की अलसुबह करीब तीन बजे एक महिला की घर में घुसकर उसके पति ने ही गोलियां मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने परिवार को पुलिस सुरक्षा भी दी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद महिला की हत्या होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा रही है। पुलिस की ओर से अलग-अलग जानकारी दी जा रही है।
नहीं दी सुरक्षा, पीसीआर अवश्य चक्कर लगाती थी
झाड़ली पुलिस चौकी प्रभारी रामपाल का कहना है कि 4 दिन पहले फायरिंग के बाद परिवार को तीन पुलिसकर्मियों की सुरक्षा दी हुई थी, जबकि साल्हावास पुलिस थाना प्रभारी रामकरण का कहना है कि परिवार को पुलिस सुरक्षा तो नहीं दी थी। सुरक्षा की दृष्टि से पीसीआर अवश्य चक्कर लगाती थी और वे स्वयं भी जांच के वहां पर जाते थे। पुलिस पूरी तरह से स्पष्ट नही कर पा रही है कि परिवार को पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी या नहीं। थाना प्रभारी अलग और पुलिस चौकी प्रभारी अलग से जानकारी दे रहे हैं। जबकि संबंध डीएसपी नरेश कुमार से बात की गई तो वे किसी मामले में व्यस्त होने की बात कहकर अपना पल्लू झाड़ गए।
वारदात के समय पुलिसकर्मी चले गए थे बाथरूम
झाड़ली पुलिस चौकी प्रभारी रामपाल ने बताया कि तीन पुलिसकर्मी उनके घर पर तैनात किए गए थे। परिवार को यह भी हिदायत दी गई थी कि वह रात के समय दरवाजा नहीं खोलेंगे। पुलिसकर्मी आखिर कहां चले गए थे कि महिला का पति उसके घर में घुसकर गोलियां मारकर हत्या कर गया। चौकी प्रभारी का कहना है कि वहां तैनात पुलिसकर्मी बाथरूम करने के लिए गए हुए थे। पीछे से दूसरे दरवाजे से उसके पति ने घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। उनका यह भी कहना है कि उसके पति ने दूसरे दरवाजे से घुसकर अंदर जाकर अपनी पत्नी यश्वंती व साले दिनेश को बुलाया। उसके बाद पत्नी यश्वंती गोली मारकर हत्या कर दी।
चौकी प्रभारी ने बताया कि वे वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। महिला को अपनी गाड़ी में ही ले जाकर चरखी दादरी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन वहां पहुंचने पर महिला ने दम तोड़ दिया। गांव के लोग भी इस बात के गवाह हैं कि उन्होंने परिवार को पुलिस सुरक्षा दी हुई थी। जबकि साल्हावास पुलिस थाना प्रभारी रामकरण इस बात से इंकार कर रहे हैं कि वहां पर पुलिस सुरक्षा नहीं दी गई थी। सुरक्षा की दृष्टि से पीसीआर चक्कर लगाती थी।
मातनहेल गांव निवासी महावीर ने 27-28 अप्रैल की रात को भी उनके घर पर हवाई फायर किया था। उसके बाद पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था। अब पुलिस ने उसके साले दिनेश के बयान पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
- रामपाल सिंह, पुलिस चौकी प्रभारी, झाड़ली।
जिस समय आरोपी ने चार पांच दिन पहले ढलानवास गांव में गाली चलाई तो दिनेश ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। अब हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन कर दिया गया है।
- रामकरण, पुलिस थाना प्रभारी, साल्हावास।