22jjrp01- शहर का निरीक्षण करती डीसी वर्षा खांगवाल। स्रोत : प्रचार विभाग
झज्जर। शहर में जलभराव की समस्या को देखते हुए बुधवार को डीसी वर्षा खांगवाल ने शहर का दौरा किया। इस दौरान डीसी ने नगर परिषद की ओर से गंदगी वाले क्षेत्रों में रखवाए गए बैंचों को देखकर नाराजगी जाहिर की। कहा, ये क्या गदर मचा रखा है। उन्होंने जगह-जगह जलभराव और सफाई व्यवस्था में कमी को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा ये बैंच लोगों के बैठने के लिए रखे गए हैं। इन्हें तुरंत हटवाया जाए और आसपास की सफाई करवाई जाए।
डीसी ने अधिकारियों के साथ आंबेडकर चौक, बेरी गेट, सीताराम गेट, छारा चुंगी और माता गेट सहित शहर के कई जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था, नालों की सफाई, सीवरेज प्रणाली और स्वच्छता कार्यों का जायजा लिया।
डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती मौसम को देखते हुए सभी नालों, ड्रेन और सीवरेज लाइनों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। जहां भी जलनिकासी में बाधा आ रही है, वहां तुरंत कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जाए।
आंबेडकर चौक पर डीसी ने एक दुकानदार से जलभराव की स्थिति के बारे में जानकारी ली। दुकानदार ने बताया कि यहां तीन से चार घंटे तक पानी जमा रहता है। इस पर डीसी ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में लापरवाही के कारण जलभराव की स्थिति बनती है तो संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्थायी समाधान के साथ-साथ जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान भी किया जाए। साथ ही गंदगी फैलाने, नालों में कचरा डालने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।