फोटौ नंबर 71 गांव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे ग्रामीण।(संवाद)
बादली। विधायक कुलदीप वत्स के गोद लिए हुए गांव जहांगीरपुर में समस्याओं का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों को भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। बिजली समस्या और टूटी फिरनी को सीमेंटेड कराने की मांग को लेकर मास्टर दीपक शर्मा की ओर से शुरू की गई भूख हड़ताल को गांव के युवाओं और महिलाओं का समर्थन मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
भूख हड़ताल की जानकारी मिलने पर बिजली निगम के एसडीओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। एसडीओ ने गांव में 20 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने के निर्देश जारी किए। इसके लिए बिजली आपूर्ति का शेड्यूल भी तैयार किया गया है। ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया गया कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार गांव में 20 से 24 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
मास्टर दीपक शर्मा ने कहा कि बिजली समस्या को लेकर विभाग ने आश्वासन दिया है, लेकिन गांव की कच्ची फिरनी को सीमेंटेड कराने की मांग अभी लंबित है। उन्होंने कहा कि फिरनी की खराब हालत के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जब तक इस मांग पर भी ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
ग्रामीणों ने कहा कि विधायक का गांव गोद लिया हुआ होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
फोटो नंबर 71: