संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। मंगलवार की रात आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में कार शोरूम में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने से पहले तीन नकाबपोशों ने झज्जर रोड पर नूना माजरा गांव के नजदीक स्थित एक अन्य वाहन के शोरूम में भी लूट का नाकाम प्रयास किया था लेकिन वहां नकदी आदि नही मिलने पर ये लौट गए।
इस संबंध में शोरूम संचालक की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस वारदात को लेकर पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी खंगालकर सुराग तलाशे। तीन टीमें इस केस में जुटी हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही केस को सुलझा लिया जाएगा।
दो दिन पहले तीन नकाबपोश बदमाशों ने एमआइई में पुलिस चौकी के साथ बने कार शोरूम में सिक्योरिटी गार्ड पर पिस्तौल तानकर साढ़े सात लाख रुपये की लूट की थी। आरोपी शोरूम के अंदर से आरसी और चेक बुक भी ले गए थे। थाना सदर पुलिस ने बताया कि कार शोरूम में लाखों की लूट से पहले तीनों आरोपियों ने झज्जर रोड स्थित नूना माजरा गांव के पास एक और वाहन के शोरूम में लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें यहां पर कुछ नहीं मिला तो इसके बाद वे एमआइई स्थित कार शोरूम में पहुंचे। यहां पर सिक्योरिटी गार्ड पर पिस्तौल तानी और कैश रूम में रखी तिजोरी को लूट ले गए। इस तिजोरी में 7 लाख 36 हजार 143 रुपये के साथ-साथ आरसी और चेकबुक ले गए थे। पुलिस ने शोरूम के मैनेजर मंदीप की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था।