झज्जर। ग्रैप-4 की पाबंदी लागू होने व प्रशासन के आदेशों के बावजूद मंगलवार को छठीं से 12वीं तक के अधिकतर निजी स्कूल खुले। वहीं पाबंदी के बावजूद भवन निर्माण के कार्य शहर में जारी है और भट्ठियों पर काम किया जा रहा है।मंगलवार सुबह के समय शहर के सरकारी स्कूलों मेंं भी बच्चे पहुंचे, लेकिन उनको वापस भेज दिया गया। अधिकतर निजी स्कूलों ने छुट्टी नहीं की और पूरा दिन स्कूल खोले। दोपहर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने सभी स्कूलों के पास सूचना भेजी तो कुछ निजी स्कूलों ने बच्चों को घर वापस भेज दिया जबकि कुछ ने पूरे समय तीन बजे ही छुट्टी की। कई निजी स्कूल संचालकों ने प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों को भी स्कूल में बुलाया हुआ था। अब बुधवार से सभी निजी व सरकारी स्कूलों में आनलाइन कक्षाएं लगेंगी। इसकी सूचना भी सभी अभिभावकों के पास फोन पर भेज दी गई है। वहीं शहर में भवन निर्माण के काम जारी है। शहर के मिनी बाईपास स्थित सेक्टर-9 में कई जगह पाबंदी के बावजूद भवन निर्माण के कार्य जारी है। इन पर अब तक कोई रोक नहीं लगाई गई हैं और न ही कोई नियमों का पालन किया जा रहा है। इसके अलावा शहर में कई जगह पर ढाबों के अलावा सरेआम भट्ठियों पर खाना बनाने के अलावा मूंगफली गर्म करने का काम भी किया जा रहा है। इससे सरेआम प्रदूषण फैल रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
डीसी ने ली अधिकारियों की बैठक
डीसी प्रदीप दहिया ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की बैठक में ग्रैप-4 की पाबंदियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध हवा हर वन्य जीव प्राणी के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। बैठक में एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, बेरी एसडीएम रविंद्र मलिक, आरओ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शक्ति सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
निर्माण व तोड़फोड़ के काम बंद
ग्रैप-4 लागू होने के बाद सभी प्रकार निर्माण व तोड़फोड़ की कार्रवाई बंद कर दी गई है। कूड़ा करकट जलाने पर पाबंदी है। कोयले वाले तंदूर भी नहीं चला सकते। कोई भी ऐसा कार्य, जिससे धूल व धुआं उत्पन्न हो, वह पाबंदी की श्रेणी में है।
इन नंबरों पर करें वायु प्रदूषण फैलाने वालों की शिकायत
डीसी के आदेश पर आरओ प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा 90505-35405 नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर जिलावासी फोन या व्हाट्सएप कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बहादुरगढ़ नगरपरिषद ने भी 93063-10046 नंबर जारी किया है। यह नंबर बहादुरगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के लिए है। इस नंबर पर बहादुरगढ़ नप क्षेत्र की वायु प्रदूषण से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए अतिरिक्त शिकायत 311 एप व समीर एप भी कर सकते हैं।
जिला में करेगी आठ फ्लाइंग टीमें निगरानी
ग्रैप-4 की पाबंदियों को पूर्ण रूप से प्रभावी बनाने के लिए निरंतर निगरानी की जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर एसडीओ स्तर के अधिकारी की अगुवाई आठ फ्लाइंग टीमें गठित की गई हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित एसडीएम अपने अपने क्षेत्र में निगरानी रखेंगे। सभी टीमें प्रतिदिन निगरानी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। पानी का छिड़काव कितने एरिया में किया गया। ठोस कचरा प्रबंधन के तहत आगजनी, निर्माण कार्य व अन्य ऐसे कार्य जिनकी वजह से धूल व धुआं वायु मंडल को प्रदूषित करता है। ऐसे कार्य में संलिप्त के खिलाफ नियमानुसार चालान किए जाएंगे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग को एंटी स्मॉग गन खरीदने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला में सरकारी व निजी स्कूलों में 23 नवंबर तक नहीं लगेंगी कक्षाएं
डीसी प्रदीप दहिया ने जिला में खराब वायु गुणवत्ता के चलते आगामी 23 नवंबर तक पहली से दस जमा दो कक्षा तक के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में कक्षाएं नहीं लगाने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यह आदेश खराब वायु गुणवत्ता के चलते विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए दिए गए हैं। इस दौरान सभी विद्यालयों (राजकीय व प्राइवेट स्कूलों) में ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आदेश 23 नवंबर या आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेंगे।
नगरपालिका टीम ने दी हिदायत
बेरी। वायु प्रदूषण को नियंत्रण व ग्रैप-4 की पाबंदियों का पालन न करने के लिए बेरी नगर पालिका सचिव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है। टीम ने मंगलवार को कस्बे में भवन निर्माण सामग्री बेचने वाले व कोयले की भट्टी चलाने वाले को लेकर नगर पालिका की टीम ने नियमों का पालन करने के लिए हिदायत दी गई। नगर पालिका सचिव ललित गोयल ने बताया कि ग्रैप-4 की पाबंदियों को लेकर पालिका की तरफ से एक टीम बनाई गई, जिसने कस्बे में भवन निर्माण की सामग्री बेचने वालों व कोयले की भट्टी चलाने वालों को हिदायत दी गई है। भवन निर्माण सामग्री बेचने वालों को निर्माण सामग्री पर तिरपाल से ढकने व पानी का छिड़काव करने की हिदायत दी गई है। कोई पाबंदियों का पालन नही करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हमारा सभी का प्रयास होना चाहिए कि जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल में सुधार हो। इसके लिए संबंधित विभाग सभी संभावित कदम उठाएं। इसके लिए टीमों का गठन किया गया है। नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- प्रदीप दहिया, डीसी, झज्जर