झज्जर। विद्यार्थियों का डाटा अब तक वन स्कूल एप पोर्टल पर अपडेट नहीं हो पाया है। इस कारण 2023-24 व 2024-25 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलने में परेशानी आ रही है। मौलिक स्कूल शिक्षा के महानिदेशक ने डाटा अपडेट करने के लिए सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर 9 सितंबर तक पोर्टल पर डाटा अपडेअ करने की सलाह दी है।
जारी किए गए पत्र में महानिदेशक ने कहा कि किसी भी पात्र विद्यार्थी की प्रोफाइल अधूरी रहने पर वह छात्रवृत्ति/प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने में वंचित रह जाता है तो उसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय का मुखिया एवं कक्षा इंचार्ज जिम्मेदार होंगे। जिन विद्यार्थियों के बैंक अकाउंट बैंक, बैंक का नाम, आईएफएससी कोड, परिवार पहचान पत्र आईडी विद्यार्थी के प्रोफाइल पूर्ण नहीं है, उन सब विद्यार्थियों की सूची वन स्कूल पोर्टल एप में दिए गए स्टेटस ऑफ स्कॉलरशिप में दिए गए ऑप्शन में उपलब्ध है। इस अनुसार स्कूल का मुखिया अपनी यूजर आईडी से विद्यार्थियों की सूची डाउनलोड करके लंबित विद्यार्थियों की प्रोफाइल को पूर्ण कर सकते हैं।
इस प्रोफाइल में पहली से आठवीं के एससी कैटेगरी, बीपीएल कैटेगरी और बीसी-ए कैटेगरी के विद्यार्थियों को मिलने वाली मासिक भत्ता शामिल है। विभाग की तरफ से निर्देश दिए गए हैं कि जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अपने अधीनस्थ खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों के मुखिया को निर्देश दें कि स्कूल स्तर पर वन स्कूल एप पोर्टल के लॉग इन में एसओपी में अंकित दिशा-निर्देश अनुसार जिन विद्यार्थियों की प्रोफाइल में बैंक अकाउंट, बैंक का नाम, आईएफएससी कोड और फैमिली आईडी अंकित नहीं, पूर्ण नहीं अथवा डुप्लीकेट हैं तो निजी स्तर पर रुचि लेते हुए नौ सितंबर तक हर अवस्था में पूर्ण करें ताकि 2023-24 व 2024-25 सत्र के कोई भी लंबित पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति अथवा प्रोत्साहन राशि का लाभ प्राप्त करने से वंचित नहीं रहें।
यह मिलती है प्राेत्साहन राशि
राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पहली से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को 800 रुपये व छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को एक हजार रुपये वार्षिक प्रोत्साहन राशि के तौर पर दिए जाते हैं। एससी कैटेगरी के विद्यार्थियों को पहली कक्षा में 740 रुपये, दूसरी कक्षा में 750 रुपये, तीसरी कक्षा में 960 रुपये, चौथी कक्षा में 970, पांचवीं कक्षा में 980 व छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को 1250 रुपये प्रोत्साहन राशि के तौर पर दिए जाते हैं।
वर्जन
वर्ष 2023-24 व 2024-25 के लंबित विद्यार्थियों का डेटा वन स्कूल एप पोर्टल पर 9 सितंबर तक अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
राजेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, झज्जर