सरपंच एसोसिएशन के प्रधान एवं गांव बामनोली के सरपंच अनूप सिंह छिल्लर की शुक्रवार शाम हमलावरों ने तीन गोली मारकर हत्या कर दी। सरपंच की मौत से गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने ड्राइवर की शिकायत पर गांव के एक व्यक्ति और उसके दो साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बामनोली का सरपंच अनूप सिंह छिल्लर उर्फ मलवा शुक्रवार शाम गांव के नजदीक स्थित अपने ईंट भट्ठे पर गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर सरपंच घर की तरफ चला तो कुछ ही दूर चलने के बाद देखा कि एक बाइक सवार तीन युवक बैठे थे। जिनमें से एक युवक गांव का ही था। सरपंच के ड्राइवर द्वारा गाड़ी रोकने के बाद एक-दूसरे से हालचाल पूछा। इसी बीच बाइक सवार एक व्यक्ति ने सरपंच के सिर से सटाकर गोली चला दी। इसके बाद एक गोली छाती और एक पेट में मार दी।
गाड़ी चला रहा ड्राइवर जब तक कुछ समझ पाता, तब तक हमलावरों में से एक युवक ने गाड़ी की चाबी भी निकाल ली और फिर तीनों फरार हो गए। इसके बाद ड्राइवर ने कॉल करके दूसरी गाड़ी बुलाई। आनन-फानन में सरपंच अनूप को बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को ट्रामा सेंटर लाया गया। यहां परिजनों की शंका पर सरकारी अस्पताल के डाक्टरों ने एक बार फिर सरपंच की जांच की। लेकिन सरपंच पहले ही दम तोड़ चुका था। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया।
अस्पताल में तनाव बढ़ता देख काफी संख्या में पुलिस पहुंची
जैसे ही सरपंच अनूप की हत्या की सूचना फैली, ट्रामा सेंटर में लोगों का आना शुरू हो गया। कई सरपंच व विभिन्न राजनीतिक संगठनों के लोग एवं ग्रामीण ट्रामा सेंटर में पहुंचे। करीब साढ़े आठ बजे तक अस्पताल परिसर में भारी भीड़ रही। एक बार तो तनाव की स्थिति बन गई। उधर गांव बामनोली में भी आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई। अस्पताल में पुलिस कर्मी शव को लेकर जरूर आए, लेकिन तनावपूर्ण स्थिति होने के बावजूद अस्पताल में करीब डेढ़ घंटे यानी आठ बजे तक पुलिस न के बराबर दिखी। आठ बजे के बाद ही पुलिस की गाड़ियां अस्पताल परिसर में दिखाई दी। हमले के पीछे क्या कारण रहे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वारदात में गांव के ही एक युवक और उसके साथियों का नाम सामने आ रहा है।
दो बच्चों का पिता था सरपंच
मृतक सरपंच अनूप सिंह सरपंच एसोसिएशन के प्रधान थे व सामाजिक कार्यों में आगे रहते थे। उनकी समाजसेवी प्रवृत्ति के कारण गांव के लोगों में उनके प्रति काफी सम्मान था। अनूप सिंह एक बेटे व एक बेटी के पिता था। शनिवार को उनके शव का पोस्टमार्टम होगा। सरपंच की हत्या से गांव में मातम पसर गया। सुरक्षा की लिहाज से लाइनपार पुलिस थाने से पुलिस गांव में पहुंची। लाइनपार थाना पुलिस प्रभारी कुलबीर सिंह व एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए।
सरपंच निशाने पर
पिछले कुछ समय से इलाके के सरपंच हमलावरों के निशाने पर हैं। इससे पहले खंड के गांव आसौदा सिवान के सरपंच रामवीर और उसके पिता की हत्या की गई थी। जबकि कुछ दिन पहले गांव छुड़ानी के सरपंच सत्यावन पर भी गोलियां बरसाई गई थी। जोकि हमले में बाल-बाल बच गया था।
अधिकारी बोले
उधर, लाइनपार पुलिस थाना प्रभारी एसआई कुलबीर सिंह ने कहा कि ड्राइवर अर्जुन की शिकायत पर गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो साथियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। जांच जारी है, एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।