झज्जर। बस अड्डे पर वीरवार को साझा मोर्चा के पदाधिकारियों ने गेट मीटिंग की। इस दौरान तय हुआ कि आगामी 26 नवंबर को हजारों की संख्या में रोडवेज कर्मचारी करनाल में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए लामबंद होंगे। यह जानकारी प्रधान विजय माजरा ने दी।
प्रधान ने बताया कि हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर गठबंधन की सरकार द्वारा अपने पूंजीपति चहेतों को 265 मार्गों पर असीमित प्राइवेट बस परमिट देने के निर्णय का विरोध होगा। बुधवार काे इसी मुद्दे पर झज्जर डिपो में गेट मीटिंग की गई। बैठक का संचालन सचिव दिनेश डीघल ने किया। यहां सांझा मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुमेर सिवाच, प्रवीण डीघल, जयकुंवार दहिया, सतबीर मुंढाल एवं महिपाल दूबलधन ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा रोडवेज कर्मचारियों को लंबे समय से मिलने वाले अर्जित अवकाश में जो कटौती की गई है, इसको प्रभाव से वापिस लिया जाए। करीब 265 रूट परमिट देने के खिलाफ एवं 500 किलोमीटर स्कीम की बसें लेने के विरोध में कर्मचारियों द्वारा बैठक में सरकार विरोधी नारे लगाए गए। इस मौके पर दिनेश डिघल, रवींद्र, मुकेंद्र, विनोद मारोत, बिजेंद्र बेरी, दीपक, दलजीत धनाना, राजबीर, सुरेश, शमशेर मौजूद रहे।