झज्जर। छात्राओं के लिए रोहतक जाने के लिए अलग बस चलाए जाने की मांग पूरी नहीं होने पर मातनहेल की छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर यातायात जाम कर दिया। छात्राओं के द्वारा जाम लगाने की खबर के बाद प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश की। सुबह करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस प्रदर्शन के कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं के लिए रोड़वेज की झज्जर व डीघल से बसें चलाई जा चुकी हैं। मातनहेल, बहूझोलरी, साल्हावास आदि क्षेत्र से भी महिलाओं के लिए अलग बस चलाए जाने की मांग काफी दिनों से की जा रही है। बताया गया है कि बहूझोलरी से चलने वाली बस में काफी भीड़ होने की वजह से मातनहेल की छात्राएं कई बार बस में चढ़ने से वंचित रह जाती हैं।
साथ ही भीड़ का फायदा उठाने वाले मनचलों की हरकतों के कारण भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी से परेशान छात्राओं का गुस्सा मंगलवार को आखिरकार फूट पड़ा और उन्होंने मातनहेल बस अड्डे पर मानव शृंखला बनाकर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे से ज्यादा समय तक सड़क पर डटी रहीं छात्राओं ने शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। छात्राओं का कहना था कि वे अधिकारियों से लेकर मंत्री तक कई बार गुहार लगा चुकी हैं, मगर समस्या समाधान नहीं हुआ है। मजबूरन उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है।
---
यात्री हुए परेशान
जाम में फंसे वाहन चालक और यात्री छात्राओं के प्रदर्शन के दौरान परेशान होते रहे। सूचना पर नायब तहसीलदार, साल्हावास एसएचओ मय पुलिस दल के व रोड़वेज के जीएम भी मौके पर पहुंचे तथा छात्राओं को शीघ्र बस चलाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद छात्राओं ने जाम खोला और यातायात व्यवस्था बहाल हुई।