सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके अध्यक्ष अमित शाह में दम है तो भूपेंद्र हुड्डा के मुकाबले में अपना सीएम उम्मीदवार उतारें। जनता दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। सांसद सोमवार को अनाज मंडी परिसर में झज्जर, बादली व बेरी हलके के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व दीपेंद्र ने अनाज मंडी में ही स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा व पेयजल से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं शुभारंभ भी किया।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज कांग्रेसी नेताओं के सुर बदले हुए थे। कांग्रेस की 24 अगस्त की रैली के लिए झज्जर, बेरी व बादली हलके के वर्करों की बैठक लेेने आए नेताओं ने तीखे तेवरों के साथ विपक्ष पर हमला बोला। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस छोड़कर जा रहे लोगों के बारे कहा कि भाजपा दूसरी पार्टियों के रिजेक्ट माल को इकट्ठा कर रही है। जब भाजपा की टिकटें बंटेगी तो यही लोग फिर वापिसी भागते हुए दिखाई देंगे।
सांसद ने कहा कि पहले 30 और फिर 60 दिन में महंगाई का वायदा करने वाली केंद्र की भाजपा सरकार ने हर दिन महंगाई बढ़ाई हैं। पिछले दस साल में जितना रेल किराया नहीं बढ़ा उतना भाजपा ने एक झटके में बढ़ा दिया है। भाजपा सरकार ने रेल, तेल से लेकर टमाटर तक सब महंगा कर दिया है।
कांग्रेस सांसद ने इनेलो पर वार करते हुए कहा कि आज इनेलो को यह वक्त क्यों देखना पड़ रहा है, यह सोचने की बात है। पिछले दिनों हुए लोकसभा चुनाव में इनेलो ने चौ. देवीलाल का नाम छोड़कर मोदी के नाम पर चुनाव लड़ा। इनेलो पर निशाना साधते हुए दीपेंद्र ने कहा कि लोगों में यह बात आम है कि इनेलो ने चुनाव जीतने की उम्मीद छोड़ पार्टी पर अपना कब्जा जमाने की नीयत से उम्मीदवार घोषित किए हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि 24 अगस्त को पानीपत में होने वाली विजय संकल्प रैली में विपक्षी दलों की सभी गफलत दूर हो जाएंगी। रैली में गत वर्ष कांग्रेस की गोहाना में हुई ऐतिहासिक रैली से भी अधिक भीड़ जुटेगी। पानीपत रैली में मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पिछले दस-वर्षों के कार्यों का लेखा-जोखा एवं विजन रखेंगे।
रैली में उमड़ने वाली भीड़ इस बात पर मुहर लगाएगी कि प्रदेश का विश्वास मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व व कांग्रेस की नीतियों में है और प्रदेश में तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। तीन हलकों के कार्यकर्ता बैठक में रैली के मुताबिक उमड़ी भीड़ ने हाथ उठाकर तीन उंगलियों दिखाते हुए दीपेंद्र की तीसरी बार सरकार का समर्थन किया।
इस मौके पर प्रदेश में शिक्षा एवं समाज कल्याण मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि चुनावी बिगुल बज चुका है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को गुजरात नहीं हुड्डा मॉडल पसंद है इसलिए तीसरी बार हुड्डा सरकार बनेगी। शिक्षामंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस का शुद्धिकरण हो रहा है और रिजेक्ट माल बाहर जा रहा है।
बेरी के विधायक डा. रघुबीर सिंह कादियान ने जोश के साथ कहा कि कुछ लोग इस इलाके की चौधर की पगड़ी की तरफ उंगली कर रहे हैं, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होेंने कहा कि जब भी परिवर्तन हुआ है झज्जर की भूमि से हुआ है। बादली के विधायक नरेश शर्मा ने कहा कि पानीपत रैली में हजारों की संख्या में लोग शिरकत करेंगे। इस मौके पर सी.पी.एस. अनीता यादव, प्रो. वीरेंद्र सिंह, राज सिंह जाखड़, बलवंत बेरी व आनंद सागर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
गौ सेवा हमारी संस्कृति और संस्कार:
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोमवार को श्री झज्जर गौशाला के नई शाखा का शुभारंभ भी किया। कमेटी कार्यालय के साथ स्थित गौशाला में सांसद ने जन्माष्टमी एवं गूगा नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौ सेवा हमारी संस्कृति और संस्कार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश रही है कि गौशालाओं के लिए अधिकतम सहायता करूं गौशाला समिति की ओर से अध्यक्ष अजय धनखड़ द्वारा रखी गई मांगों को भी पूरा करने की बात सांसद ने कही।
सांसद ने दी 20 करोड़ रूपए की विकास परियोजनाओं की सौगात
झज्जर।कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा व शिक्षामंत्री गीता भुक्कल ने सोमवार को झज्जर की नई अनाज मंडी में जिले के लिए करीब 20 करोड़ रूपए की विकास परियोजनाओं का उद्धाटन एवं शिलान्यास किया।सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पाटौदा गांव में करीब साढ़े 3 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व गांव पहाड़ीपुर में 5.73 करोड़ रूपए की लागत से बने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ किया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र व आईटीआई भवन के निर्धारित अवधि में पूरा करने पर लोक निर्माण विभाग की सराहना की। उन्होंने गांव सौंधी में ड्रेन नंबर 8 पर 2.10 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित पुल, 1.42 करोड़ रूपए से बनी याकूबपुर से नंगला, कुतानी लिंक रोड का भी उद्घाटन किया। सांसद ने गांव बामडौला में 2.54 करोड़ रूपए की लागन से बनने वाली फिरनी, गांव खेड़का गुर्जर में करीब दो करोड़ रूपए की लागत से बने स्वतंत्र जलघर, गांव खरहर में 2.54 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले द्वितीय जलघर का भी शिलान्यास किया। सांसद ने झज्जर में एमसी पार्क का भी उद्घाटन किया । इस मौके पर शिक्षामंत्री गीता भुक्कल, बेरी से विधायक डा.रघुबीर सिंह कादियान, बादली से विधायक नरेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।