शहर में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दिन के समय गुजरने वाले वाहनों पर अब ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। दिन के समय भारी व बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
स्वयं ट्रैफिक एसएचओ निरीक्षक सुखबीर सिंह ने अपनी टीम के साथ झज्जर मोड़ पर कई घंटों तक सड़क पर खड़े रहकर अनेक वाहनों को बाईपास के रास्ते निकाला। हालांकि कुछ चालक विरोध करते दिखे, मगर पुलिस सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चल पाई।
कोहरे के मौसम को ध्यान रखते व आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने माहभर पहले शहर के भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों से बड़े वाहनों का दिन के समय सुबह के आठ बजे से लेकर रात के दस बजे आने-जाने पर रोक लगा दी थी। मगर इसी दौरान पंचायती राज चुनाव भी हो रहे थे।
ऐसे में पुलिस चुनाव में सुरक्षा को लेकर अलर्ट रही। जिसके कारण बेरोक-टोक बड़े व लोडेड वाहन सड़कों पर दौड़ते दिख रहे थे, लेकिन जैसे ही मतगणना का कार्य खत्म हुआ तो पुलिस ने मनमानी करने वाले चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। इसी कड़ी के तहत शनिवार को दिनभर ट्रैफिक पुलिसकर्मी बढ़े वाहनों को रोककर उन्हें दूसरे मार्गों से निकलवाते दिखे।
जाम से बिगड़ी रही व्यवस्था
सड़क किनारे फैले अतिक्रमण, अनियंत्रित खड़े वाहनों व बड़े वाहनों के आवागमन के चलते दिनभर दिल्ली-रोहतक रोड, नाहरा-नाहरी रोड, रेलवे रोड, झज्जर रोड के आस-पास के हालात पिछले कई दिन से बदहाल हैं। यहां दोपहिया वाहन से लेकर बड़े वाहन चालक तक जाम में फंसे रहते हैं। ऐसे में राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही थीं। वहीं, चालकों की मनमानी के चलते ट्रैफिक व्यवस्था भी पटरी से उतरी दिखाई दे रही थी।