झज्जर। जिले में सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ पूरी गंभीरता से कार्य करें। साथ ही हॉट स्पाॅट चिह्नित करें ताकि सड़क हादसे रोके जा सकें। एडीसी जगनिवास ने लघु सचिवालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क हादसों को रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जमीनी स्तर पर रणनीति तैयार करते ठोस व प्रभावी कदम उठाएं।
एडीसी ने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान करें, वहां सुधारात्मक उपाय करें और लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित दौरे करें।
एडीसी ने कहा कि जिले में जिन स्थानों पर दुर्घटनाएं बार-बार हो रही हैं, उन्हें हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित किया जाए और वहां ब्लाइंड मोड़, शार्प कर्व, अवैध कट, झाड़ियां और पेड़ की टहनियों जैसी रुकावटों को तुरंत हटाया जाए। रोड मार्किंग, कैट्स आई, रिफ्लेक्टर, साइनबोर्ड और चेतावनी संकेतक शीघ्र लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कोहरे के मौसम से पहले सभी मुख्य सड़कों पर लाइटिंग और सेफ्टी डिवाइस की व्यवस्था पूरी हो जानी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस मौके पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम अंकित कुमार सीटीएम नमिता कुमारी, एसीपी अनिल कुमार और सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट मौजूद रहे।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
डीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि ओवरस्पीड, मोबाइल फोन का प्रयोग, ड्रंकन ड्राइविंग, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करने जैसे नियमों के उल्लंघन पर सख्ती से चालान किए जाएं। जुर्माने के साथ-साथ चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है।