झज्जर। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी की ओर से राजकीय व निजी विद्यालयों में राष्ट्रीय पेंटिंग प्रतियोगिता 6 अक्तूबर से आयोजित होगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा दक्षता और संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना है। इसकी थीम ''ऊर्जा बचाओ पृथ्वी बचाओ और बी स्टार बनो, स्टार उपकरणों का प्रयोग करो'' रखी गई है।
ग्रुप ए में पांचवीं से सातवीं और ग्रुप बी में आठवीं से दसवीं के छात्र भाग लेंगे। विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता दो घंटे की होगी और प्रत्येक स्कूल को दोनों समूह में सर्वश्रेष्ठ दो-दो पेंटिंग का चयन करके पत्राचार व जिला परियोजना संयोजक कार्यालय के माध्यम से 25 अक्तूबर तक बीबीएमबी के नोडल अधिकारी को भेजनी होगी।
चयनित 50 प्रतिभागियों को 20 नवंबर को राज्यस्तर पर आयोजित ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्यस्तर पर चुने गए विद्यार्थी राष्ट्रीयस्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे जो 11 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को 14 दिसंबर को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
विजेताओं को किया जाएगा पुरस्कृत
जिला समन्वयक सुनील कौशिक व सोमवीर बेनीवाल ने बताया कि राज्यस्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार व तृतीय पुरस्कार 20 हजार है। इसके अलावा 10 सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक को 7500 रुपये दिए जाएंगे। प्रत्येक समूह की सर्वश्रेष्ठ 50 पेंटिंग विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र के अलावा दो हजार रुपये की नगद राशि भी दी जाएगी। प्रत्येक प्रतिभागी व उसके अभिभावकों को पंचकूला आने जाने का किराया ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी देगा। राष्ट्रीयस्तर पर प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार, तृतीय पुरस्कार 30 हजार और एक-एक लैपटॉप भी दिए जाएंगे। इसके अलावा 15000 रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।