आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जाम लगाते ग्रामीण।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। रिवाड़ी खेड़ा गांव में बुधवार की देर शाम घर से बाहर खेतों की तरफ टहलने निकले एक युवक की बदमाशों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण पुलिस एक माह पहले गांव में ही अन्य युवकों के साथ हुई कहासुनी से जोड़कर देख रही है। सूचना मिलते ही मांडोठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इधर, युवक की हत्या से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बेरी-बहादुरगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों को समझाने के लिए डीएसपी अशोक कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही एक युवक समेत अन्य दो साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रिवाड़ी खेड़ा गांव निवासी अमित बुधवार की देर शाम अपने घर से टहलने के लिए खेतों की तरफ गया हुआ था। वह पैदल ही जा रहा था, इस दौरान काले रंग की बाइक पर सवार होकर तीन युवक उसके पास पहुंचे। उन्होंने अचानक उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। आरोपियों ने उस पर 4-5 गोलियां चलाईं। गोलियां लगते ही वह जमीन पर गिर गया। परिजनों को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। लहूलुहान हालत में अमित को नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मांडोठी चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। अमित के सिर, पेट और हाथ के अलावा छाती में भी गोलियां लगी हैं। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। अमित खेतीबाड़ी का कार्य करता था और दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। उसकी तीन बहनें भी हैं, जिसमें दो शादीशुदा हैं और एक अविवाहित है। जानकारी अनुसार गांव के ही एक युवक के साथ अमित का महीना भर पहले झगड़ा हुआ था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि उसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
मांडोठी चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि रिवाड़ी खेड़ा में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में महीना भर पहले गांव के ही एक युवक के साथ लड़ाई की बात सामने आई है। गांव के ही एक युवक व उसके दो साथियों पर हत्या किए जाने का शक जताया गया है। ऐसे में इस वारदात में आरोपियों का पता लगाने व उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही यह पता चल सकेगा कि इसमें कौन-कौन शामिल रहे हैं और इसके पीछे असल वजह क्या रही।