बिना तेल अपने वाहन को खींच कर ले जाता युवक।
- फोटो : Jhjhar
सांपला से किरड़ोद रिश्तेदार के दाह संस्कार मैं जाणा सै.. बेटा थोड़ा सा तेल दे दो... इसा हाल हो ग्या ना घर जाण जोगा और ना दा संस्कार मैं..। इस तरह की बातें शहर के आंबेडकर चौक पर पेट्रोल पंप पर एक बुजुर्ग कहता दिखाई दिया। बुजुर्ग जय भगवान सांपला से किरड़ोद गांव में किसी रिश्तेदार के दाह संस्कार में जा रहा था। जब स्कूटी का पेट्रोल खत्म हुआ तो वह तेल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। उसने पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों से निवेदन भी किया लेकिन पेट्रोल नहीं मिला। पेट्रोल पंपों की हड़ताल के कारण जिले में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पेट्रोल व डीजल न मिलने के कारण लोग अपने वाहनों को पैदल खींच कर ले जाते दिखाई दिए। पिछले काफी समय से जिले में विभिन्न क्षेत्रों में नकली डीजल को बायो डीजल के नाम से उद्योगों और बड़े वाहनों के लिए बेचा जा रहा है। इस मामले को लेकर पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन की 24 घंटे की हड़ताल सोमवार सुह छह बजे से शुरू हो गई है और मंगलवार की सुबह 6:00 बजे हड़ताल समाप्त होगी। जिले में एसोसिएशन के मुताबिक 130 पेट्रोल पंप हैं। इन पर करीब छह लाख लीटर डीजल व 80 हजार लीटर पेट्रोल पंप की हर रोज बिक्री होती है। हड़ताल की वजह से डीजल-पेट्रोल की बिक्री नहीं हुई जिससे करीब छह करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।
पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रधान नसीब सिंह कादयान ने बताया कि एसोसिएशन की मुख्य मांग है कि विदेशों से अन्य प्रकार के तेल मंगवा कर प्रदेश में स्थित गोदामों में बनाए गए नकली डीजल की बिक्री पर रोक लगाई जाए। तेल कंपनियों द्वारा डीजल पर एक्साइज ड्यूटी वैट टैक्स की गलत तरीके से थोपी गई घटती की भरपाई की जाए। डीलर कमीशन जो 2017 के बाद नहीं बढ़ाया गया है उसे बढ़ाया जाए। हरियाणा राज्य में पेट्रोल डीजल पर लगने वाले वैट रेट को घटाकर पंजाब राज्य के घटे हुए वेट रेट के बराबर किया जाए। प्रधान नसीब सिंह कादयान ने बताया कि काफी समय से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नकली डीजल को बायोडीजल के नाम से उद्योगों बड़े वाहनों, बड़े जनरेटर को पिकअप व बड़े टैंकरों में बेचा जा रहा है। यह असली डीजल के रेट से करीब 30 से 40 रुपये प्रति लीटर सस्ता मिल रहा है इसलिए इसके झांसे में लोग फंसते जा रहे हैं जबकि यह वास्तव में यह बेस ऑयल है और अन्य चिकनाई वाले लुब्रिकेंट, ग्रीस, पेंट आदि बनाने में प्रयोग करने वाला पदार्थ है। इसके इस्तेमाल डीजल के स्थान पर करना गैरकानूनी है और ऑटोमोबाइल इंजन जनरेटर को नुकसान होता है। नकली डीजल से भारी प्रदूषण हो रहा है जो पर्यावरण के लिए खतरनाक है। नेशनल ग्रीन रीजनल के आदेशों के विरुद्ध है। इस नकली डीजल और पेट्रोल की बिक्री की विरोध में पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन की तरफ से 24 घंटे की हड़ताल की गई है।