-फोटो 61 : रेलवे अंडरपास में बनाई जा रही सडक़। संवाद
बहादुरगढ़। काफी समय से जर्जर हालत में पड़े रेलवे अंडरपास रोड की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। रोड एक महीने से बंद था। अब जल्द ही यह दुरुस्त होगा और लोगों को शहर में आने-जाने में आसानी होगी। शहरवासियों की ओर से लगातार शिकायतों के बाद रेलवे विभाग हरकत में आया।
अब सड़क पर गड्ढों को भरा जा रहा है, नई लेयर बिछाने का कार्य जारी है। साथ ही पानी निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो। लाइनपार निवासी विक्रम शर्मा, प्रेम कुमार, राजेंद्र सिंह ने बताया कि अंडरपास पिछले एक महीने से अधिक समय से बंद पड़ा था।
काम 26 सितंबर से शुरू हुआ था और 10 अक्तूबर तक पूरा किया जाना था लेकिन त्योहारी सीजन के चलते अब शुरू हुआ है। अंडरपास बंद होने से आसपास की सड़कों पर जाम की समस्या बनने लगी थी। लोगों को लाइनपार जाने के लिए या तो बराही फाटक से या फिर नाहरा-नाहरी मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा था।
अब अंडरपास शुरू होगा और लोगों को राहत मिलेगी। ठेकेदार के अनुसार, मरम्मत कार्य में देरी का मुख्य कारण त्योहारी सीजन के दौरान लेबर की कमी रही। अब पर्याप्त मजदूर उपलब्ध हैं और अगले कुछ दिनों में काम पूरा कर लिया जाएगा।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस अंडरपास की नियमित देखरेख और समय-समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए ताकि सड़क फिर से खराब न हो और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।