बहादुरगढ़। सेक्टर-2 के निवासियों का सात साल पुराना इंतजार खत्म होने जा रहा है। लंबे समय से बदहाल सामुदायिक केंद्र के नवीनीकरण का कार्य शुरू हो गया है। करीब 42 लाख रुपये की लागत से केंद्र का नवीनीकरण किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद सेक्टरवासियों को शादी-विवाह और सामाजिक समारोहों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विज्ञापन
सेक्टर-2 निवासी जनजागरण समिति के पदाधिकारी राजकुमार अरोड़ा ने बताया कि सामुदायिक केंद्र की हालत खराब होने के कारण लोगों को पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने में परेशानी होती थी। इसके नवीनीकरण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। अब काम शुरू होने से निवासियों में खुशी है।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों ने कार्य शुरू करवाने पर संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि नवीनीकरण का कार्य निर्धारित समय में पूरा करवाया जाएगा। इसके बाद सामुदायिक केंद्र में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।