बहादुरगढ़। रक्षाबंधन त्योहार 9 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई है। बाजार भी पूरी तरह सज गए हैं। खरीदारों की भीड़ भी बढ़ रही है। बहनें अपने भाईयों के लिए जहां सुंदर राखियों की खरीदारी कर रही हैं तो वहीं भाई भी बहनों के लिए गिफ्ट खरीदने के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं।
इस बार बाजार में विभिन्न प्रकार की राखियां उपलब्ध हैं। इस बार बहनें रामचरण पादुका, धनुष, हनुमान, खाटू श्याम, रुद्राक्ष के अलावा जर्री वाली राखियों को भी खूब पसंद कर रही हैं। बच्चों के लिए लाइटिंग व कार्टून वाली राखियों की सबसे ज्यादा मांग है। पिछले साल के मुकाबले इस साल 10 से 15 फीसदी तक दाम बढ़ गए हैं।
इसके लिए रेलवे रोड, मेन बाजार, कबाड़ी मार्केट, झज्जर रोड, नाहरा-नाहरी रोड, इंदिरा मार्केट और दिल्ली-रोहतक रोड पर राखियों की दुकानें सज गई हैं। बाजारों में 10 से लेकर 300 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। दुकानदारों ने दिल्ली, कोलकाता और मुंबई से राखियां मंगवाई है।
जर्री, डोरी, स्टोन वर्क की राखियों की है डिमांड
मुख्य बाजार के दुकानदार संदीप कुमार का कहना है कि कोलकाता से जर्री वाली राखी, दिल्ली से डोरी वाली और मुंबई से स्टोन वर्क की हुई राखियों का स्टॉक किया गया है। इनकी डिमांड अधिक है। अब रक्षा बंधन में चार दिन ही शेष बचे हैं। इस बार बाजार में भाई-भाभी के लिए राखियों के सेट की खूब मांग है। बहनें अपने भाईयों के लिए तो राखी खरीद ही रही हैं, भाभी के लिए भी राखियों की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में इसकी कीमत 20 से लेकर 200 रुपये तक है। इसमें भाई और भाभियों की राखी का डिजाइन अलग-अलग है। पिछले तीन-चार सालों से भाई-भाभी राखी सेट का प्रचलन बढ़ा है।