फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

15 एमएम बारिश : जलभराव में फंसे वाहन, बिजली भी रही गुल

विज्ञापन
फोटो 24 पानी में फंसी युवतियों की स्कूटी। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
जिले के विभिन्न भागों में शनिवार को मानसून की दूसरी बारिश हुई। एक घंटे में 15 एमएम बारिश होने से शहर में जलभराव की स्थिति रही। सड़कों पर पानी भरने से वाहनों के पहिये थम गए। बारिश शुरू होते ही बिजली भी गुल हो गई जो बारिश थमने के बाद ही बहाल हो पाई। कुछ जगहों पर बिजली के छोटे फॉल्ट भी आए जिन्हें निगम कर्मियों ने कुछ देर में ही दुरुस्त कर दिया। हालांकि बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर कोई असर नहीं पड़ा। शनिवार को दिन का न्यूनतम तापमान 29 और अधिकतम 38 डिग्री दर्ज किया गया। शहर के विभिन्न भागों में देर शाम तक जलभराव की स्थिति बनी थी।
विज्ञापन

बारिश से शहर में जलभराव होने पर लोगों को ज्यादा परेशानी हुई। वाहन सड़क के बीचोबीच फंसने से जाम लग गया। बारिश से मौसम खुशगवार होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। शनिवार सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर तक धूप खिलने से उमस बनी रही। शाम के समय शहर की पश्चिमी दिशा में आसमान में काली घटाएं छाईं और कुछ देर बाद ही बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक इंद्र देव जमकर बरसे और 15 एमएम बारिश हुई। बारिश से शहर में जलभराव होने पर ज्यादा परेशानी हुई। सड़कों पर पानी भर गया। बारिश से नाले भी ओवरफ्लो हो गए। कई भागों में सीवर लाइन ओवरफ्लो हो गई। बस स्टैंड पर सड़क के दोनो तरफ पानी भरने से दुकानदारों को ज्यादा परेशानी हुई। इस रोड पर बरसाती नाले पर कई जगह स्लैब नहीं लगने से नाला खुला है और इस वजह से ज्यादा दिक्कत बन रही है।
यहां बनी जलभराव की स्थिति
बारिश से रोहतक रोड, लाजपतराय चौक, परशुराम चौक, तिकोना पार्क, जांगड़ा मार्केट, गांधी नगर में ढाणी फाटक से सीसीआई परिसर तक जलभराव हो गया। इसके अलावा गोशाला रोड, शिव मंदिर वाली गली, जांगड़ा मार्केट में भी दुकानों तक पानी घुस गया। इसके चलते मार्केट समय से पहले ही बंद करनी पड़ी। तिकोना पार्क से ढाणी फाटक ओवरब्रिज तक बना नाला कचरे से अटा होने की वजह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है जिससे सड़क व आसपास पानी भरा रहता है। इस एरिया में सीवर लाइन भी खराब बनी रहती है। रेलवे रोड पर सीवर लाइन ठप होने पर दुकानदारों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा शहर के नीचले भागों में जलभराव होने से लोग परेशानी में हैं।
विज्ञापन

बस स्टैंड रोड और परशुराम चौक के समीप लगा जाम
बारिश से जलभराव होने पर शहर के बस स्टैंड रोड पर जाम लग गया। सड़क के दोनो तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जलभराव की वजह से कई वाहन सड़क के बीच ही फंस गए जिससे जाम लग गया। ऐसे ही हालात परशुराम चौक के भी रहे। रही। चौक के समीप रोहतक रोड और सरदार झाडू़ सिंह चौक रोड पर गहरे गड्ढों में जलभराव होने से दोपहिया वाहन बंद पड़ गए और चालक इन्हें खिंचते नजर आए।
निर्माणाधीन गलियों के लोगों को हुई ज्यादा दिक्कतें
शहर के जिन वार्डों में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है वहां बारिश से और भी ज्यादा परेशानी बनी हुई है। निर्माण कार्य होने की वजह से गली से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाती। गली में पानी भरने पर लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है। बारिश से गलियों का निर्माण कार्य भी बाधित हो रहा है। इस समय शहर के विभिन्न भागों में 35-40 गलियों का निर्माण कार्य चल रहा है।
कपास की फसल को पहुंचेगा फायदा
बारिश से खरीफ की नकदी माने जाने वाली कपास की फसल में खासा फायदा होने का अनुमान है। जिले में इस समय 31 हजार 200 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों ने कपास की बिजाई कर रखी है। पहले से बिजित बाजरा की फसल मेें भी फायदा होने के आसार हैं। जिन किसानों ने आठ से 10 दिन पहले बाजरा की बिजाई की थी, उन फसलों में नुकसान जरूर हुआ है। वैसे बाजरा की बिजाई का अभी समय है। किसान 15 जुलाई तक बाजरा व ग्वार की बिजाई कर सकते हैं। इसके बाद बिजाई करने पर प्रति एकड़ औसत पैदावार में गिरावट आनी शुरू हो जाती है।
दादरी में शनिवार को करीब 15 एमएम बारिश हुई है। बाढड़ा और बौंद कलां क्षेत्र में भी बारिश हुई है। - राजकुमार शर्मा, नायब तहसीलदार

फोटो 25 जांगड़ा मार्केट में भरा पानी।- फोटो : CharkhiDadri

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें