बहादुरगढ़। धनतेरस से पहले मंगलवार को पुष्य नक्षत्र पर सुख-समृद्धि की कामना करते हुए लोगों ने खरीदारी की। सुबह से देर रात तक ज्वेलरी और कपड़ों के शोरूम पर भीड़ दिखी।
शुभ घड़ी देख किसी ने लहंगा तो किसी ने शेरवानी खरीदी। ऑटो मोबाइल क्षेत्र में भी खरीदारी और बुकिंग हुई।
व्यापारियों ने पहले दिन करीब 8 करोड़ की बिक्री होने की बात कही। पुष्य नक्षत्र पर शुभ संयोग के कारण बाजार गुलजार दिखा। लोगों ने खूब खरीदारी की जिससे व्यापारियों पर धनवर्षा रही।
ग्राहकों ने ऑफरों का लाभ उठाया। अब व्यापारियों को दिवाली तक धनवर्षा होने की उम्मीद है। इसके अलावा काफी संख्या में लोग धनतेरस के लिए भी बुकिंग करा रहे हैं।
मेन बाजार के ज्वेलर्स जगदीश एलाबादी ने बताया कि त्योहारी सीजन चल रहा है। पुष्य नक्षत्र दिवाली और सहालग की खरीदारी के लिए शुभ नक्षत्र है। हल्की ज्वेलरी और डायमंड के आभूषणों की भी मांग रही।
वहीं रेलवे रोड पर साड़ियों के विक्रेता पुरुषोत्तम गोयल ने बताया कि पुष्य नक्षत्र पर कांजीवरम, प्योर सिल्क, गुजरात की इकत, मध्य प्रदेश की चंदेरी आदि हैंडमेड साड़ियों की मांग रही। रेलवे रोड पर रेडीमेड गारमेंट व्यापारी बिरजू शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान मंगलवार को पुष्य नक्षत्र रहा।
इस दिन पैंट-शर्ट, कुर्ता-पायजामा, डिजाइनर सूट व शेरवानी की खरीदारी भी हुई। महिलाओं ने डिजाइनर, साड़ी सूट सलवार खरीदा। आने वाले दिनों में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।