बहादुरगढ़। 14 मार्च को दिल्ली में होने वाली ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की पंचायत के लिए संगठन के कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हैं। कार्यकर्ताओं ने मातन, टांडाहेड़ी व सांखोल आदि गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को पंचायत का न्यौता दिया।
संगठन कार्यकर्ताओं ने संयुक्त किसान मोर्चा के बुलावे पर 14 मार्च को किसान, मजदूरों की रामलीला मैदान, दिल्ली में होने वाली महापंचायत में शामिल होने का न्योता दिया। संगठन के नेताओं का कहना था कि केंद्र की भाजपा सरकार की वादाखिलाफी, किसानों का दमन करने, आंदोलन को बांटने, भ्रम पैदा करने और किसानों में आपसी फूट डालने की सरकार की चालों के खिलाफ आयोजित की जा रही है। महापंचायत में एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, मजदूर किसानों को कर्ज मुक्त करने, बुढ़ापा पेंशन 10000 महीना लागू करने, बर्बाद हुई फसलों का 50000 प्रति एकड़ मुआवजा देने, राशन की सरकारी दुकान खोलकर तमाम ग्रामीण व शहरी गरीबों को सस्ते रेट पर राशन देने, बिजली बिल-2023 को रद्द करने आदि कई मांग हैं। सरकार किसान आंदोलन को अपनी राजशक्ति का घिनौना इस्तेमाल कर कुचलने में लगी हुई है। इसे विफल करने और अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने 14 मार्च को रामलीला मैदान, नई दिल्ली में देशभर के किसानों तथा मजदूरों की महापंचायत बुलाई है।