बहादुरगढ़। राजकीय महिला कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र से बीएससी मेडिकल (लाइफ साइंस) की सीटें बढ़ सकती हैं। कॉलेज प्रशासन ने उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजकर सीटों की संख्या 60 या 80 तक बढ़ाने की मांग की है। वर्तमान में 20 सीटों पर ही दाखिला दिया जाता है जिससे छात्राओं को प्रवेश से वंचित रहना पड़ता है।
विज्ञापन
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो नए सत्र से अधिक छात्राओं को मेडिकल संकाय में प्रवेश का अवसर मिलेगा। अभी तक सीमित सीटों के कारण छात्राओं को बीएससी मेडिकल में दाखिले के लिए रोहतक या दिल्ली की ओर रुख करना पड़ता है जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ और आवागमन की परेशानी झेलनी पड़ती है।
सीटें बढ़ने से छात्राओं को अपने ही शहर में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्राचार्या डॉ. अलका गुलाटी ने बताया कि छात्राओं की बढ़ती मांग और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों को देखते हुए यह कदम आवश्यक है। फिलहाल बीएससी मेडिकल संकाय में 20 सीटें हैं। ये काफी कम हैं।