बादली। गेहूं खरीद केंद्र बादली मंडी में बिकने आ रहा गेहूं सड़क पर पड़ा है। गेहूं सड़क पर पड़ा होने से जहां दुर्घटनाओं का अंदेशा बना है, वहीं बेसहारा पशु भी पूरा दिन गेहूं में मुंह मार रहे हैं। उठान नहीं होने से परेशानी खरीद केंद्र पूरी तरह से भर गया है। खरीद एजेंसियों ने गेहूं उठान धीमी गति से किया है। खरीद केंद्र में लगभग एक लाख क्विंंटल गेहूं आ चुका है। इसके बाद मार्केट कमेटी सचिव व खरीद एजेंसियों ने किसानों से आग्रह किया है कि वह मंडी में गेहूं को सुखाकर लाएं, ताकि उसे बेचने और लिफ्टिंग में किसी तरह की परेशानी न हो।
मंडी में गेहूं की खरीद चल रही है और एक लाख क्विंटल की खरीद की जा चुकी है। लेकिन उठान समस्या बन गया और किसानों को गेहूं उतारने के लिए जगह नहीं मिल रही है। फिलहाल गेहूं में नमी की मात्रा भी न के बराबर है। अधिकारियों ने किसानों से आग्रह किया है कि गेहूं पक जाने के बाद ही कटवाएं। कच्चे गेहूं की कटाई करवाने पर किसानों को ही नुकसान होगा। अगर गेहूं में नमी अधिक होगी तो किसानों को मंडी में इंतजार करना पड़ेगा और उसकी क्वालिटी भी प्रभावित होगी।
लिफ्टिंग में मजदूरों की कमी आड़े आ रही है। कई बार वाहन और मजदूर नहीं मिलने से परेशानी बढ़ जाती है। सड़क पर पड़े गेहूं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। किसान गेहूं सूखा कर लाएं, ताकि वह बिक सके। सरकार ने 12 प्रतिशत से अधिक नमी का गेहूं नहीं खरीदने का आदेश जारी किया है।
- दीपक कुमार, मार्केट कमेटी एवं आक्शन रिकार्डर, बादली।