-फोटो 56 : रविवार को शहर में छाई स्मॉग। संवाद
बहादुरगढ़। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार आतिशबाजी का दौर चल रहा है, इसका असर अब देखने को मिल रहा है। अब प्रदूषण तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। रविवार को प्रदूषण का स्तर पहर दर पहर बढ़ता रहा और स्मॉग भी छाया रहा। क्षेत्र दिन भर रेड जोन में रहा। सुबह 7 बजे एक्यूआई का लेवल 301 रहा, इसके बाद वह लगातार तेजी से बढ़ा और शाम तक 336 पर पहुंच गया। दिन में धूप हल्की और हवा सुस्त रही। इसके बाद लोगों का दम घुटना शुरू हो गया।
31 अक्तूबर को दिवाली के दिन हुई आतिशबाजी के बाद हवा ने साथ दिया और प्रदूषण में तेजी से कमी आई, लेकिन 1 नवंबर को सुबह के बाद हवा कमजोर पड़ने लगी और प्रदूषण के स्तर में इजाफा हो गया। अब बताया जा रहा है कि हवा सुस्त रहेगी। दूसरी तरफ तापमान में भी गिरावट आने लगी है, इसकी वजह से प्रदूषण बढ़ रहा है। सीपीसीबी के बुलेटिन के अनुसार रविवार को शाम 4 बजे बहादुरगढ़ में एक्यूआई 336 दर्ज किया गया। यह बेहद खतरनाक स्तर है। ऐसे मौसम में अस्थमा, मधुमेह, बीपी, हार्ट के रोगियों के लिए परेशानी खड़ी हो जाती है। इनके मरीजों को डॉक्टर घर से बाहर ज्यादा न निकलने की सलाह दे रहे हैं। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि वेंटिलेशन इंडेक्स लगातार कम हो रहा है। हवा की स्पीड भी कम हो चुकी है। ऐसे में प्रदूषण के गणों को अधिक छटने की जगह नहीं मिल रही है। 5 नवंबर तक प्रदूषण बेहद खराब स्तर पर रहेगा।
सावधानी बरतें
नागरिक अस्पताल के फिजीशियन ने सलाह दी कि दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। पीएम 2.5 की मात्रा बढ़ जाती है, इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। लोगों को गर्म पानी में नमक डालकर गरारे करने चाहिए। दिन में एक या दो बार भाप लेनी चाहिए। पटाखों के कारण नाक में एलर्जी होना आम है। ऐसे में बार-बार नाक बहना, छींक आना, पोस्ट नेजल ड्रिप, गले में गांठ जैसा महसूस होना और गले में दर्द या जलन जैसी शिकायतें होती है।