झज्जर। लघु सचिवालय स्थित टोकन केंद्र के साथ लगते कमरे में सीएम फ्लाइंग ने छापा मारकर आरसी क्लर्क के पास एक व्यक्ति को काम करवाते हुए पकड़ा। सीएम फ्लाइंग ने प्राइवेट व्यक्ति का नाम, पता नोट कर लिया और उसके बाद छोड़ दिया। सीएम फ्लाइंग ने इस मामले में कार्रवाई के लिए तहसीलदार व जिला प्रशासन को अपनी सिफारिश की है।
सीएम फ्लाइंग ने मंगलवार को तहसीलदार शिखा के साथ सरल केंद्र में जांच करनी शुरू की। सबसे पहले टीम सरल केंद्र पहुंची और जांच की। यहां पर सब कुछ ठीक मिला। इसके बाद तहसीलदार किसी काम से चली गई और सीएम फ्लाइंग की टीम सरल केंद्र के सामने टोकन केंद्र में पहुंची। यहां पर आरसी क्लर्क के पास एक निजी व्यक्ति बैठकर काम कर रहा था। जब उससे पूछताछ की तो वह सही जवाब नहीं दे सका। सीएम फ्लाइंग से पूछताछ पर उसने सारी जानकारी दे दी। सीएम फ्लाइंग ने इसकी जानकारी तहसीलदार को दी और कार्रवाई के लिए सिफारिश कर दी है। इस दौरान उप निरीक्षक सहदेव, उप निरीक्षक रामनिवास, धर्मेंद्र के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पटवारखाना में भी आया था मामला सामने
लगभग एक माह पहले पटवारखाना में भी पटवारी की जगह दूसरे प्राइवेट व्यक्ति काम करते सीएम फ्लाइंग को मिले थे। सीएम फ्लाइंग ने रिपोर्ट बनाकर तहसीलदार को दी थी। तहसीलदार की सिफारिश पर इस मामले पटवारियों का स्थानांतरण हुआ था और फिर चार्जशीट भी कर दिया गया था। अब फिर मामला सामने आया है।
वर्जन
वह सुबह सीएम फ्लाइंग के साथ सरल केंद्र में थी। उस समय सब कुछ ठीक था। बाद में सीएम फ्लाइंग ने आरसी क्लर्क के पास बाहरी व्यक्ति के काम करने की बात कही। इसकी रिपोर्ट ली जा रही है। बुधवार को स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शिखा, कार्यकारी तहसीलदार, झज्जर
वर्जन
आरसी क्लर्क का कोई मामला संज्ञान में आया है। तहसीलदार से इस बारे में रिपोर्ट मांगी गई है।
विशाल, एसडीएम, झज्जर