झज्जर / बहादुरगढ़। सोमवार को शहर में 40 एमएम बरसात हुई। शहर के मुख्य मार्गों पर जलभराव हो गया। 20 कॉलोनियों में सात घंटे बिजली ठप रही। बिजली निगम के पास आनलाइन व ऑफलाइन करीबन 150 शिकायत पहुंची। कई इलाकों में 24 घंटे बाद मंगलवार शाम को बिजली सुचारु हो सकी।
झज्जर शहर में शिकायत केंद्र पर 24 घंटे में 150 शिकायतें आई, जिसमें 100 ऑफलाइन और 50 आनलाइन शिकायत दर्ज की गई। लघु सचिवालय, सिटी नंबर-एक और सिटी नंबर-6 ब्रेकडाउन हुआ, जिसके चलते कई कालोनियों में बिजली गुल रही।मंगलवार को भी पूरा दिन आसमान में बादल छाए रहे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा। बारिश के बाद प्रदूषण स्तर करीब 170 पहुंच गया है। मंगलवार को हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवा भी पूरे दिन चलती रही।
गेहूं व सरसों को फायदा
बूंदाबांदी के चलते सरसों व गेहूं की बुआई करने वाले किसानों के लिए वरदान साबित हुई हैं। बूंदाबांदी के कारण सरसों व गेहूं का एक-एक दाना उगेगा। कृषि अधिकारी ईश्वर सिंह जाखड़ ने बताया कि पूरे जिले में करीब बारिश हुई हैं। बारिश किसानों के लिए सोना बनकर बरसी हैं। गेहूं व सरसों की फसल में खाद के तौर पर ये बारिश लगेगी। गेहूं व सरसों की फसल की अच्छी पैदावार के लिए बारिश सहायक सिद्ध हाेगी।
24 घंटे बाद भी पानी की निकासी नहीं
शहर के मुख्य मार्गों से 24 घंटे बाद भी पानी की निकासी नहीं हो सकी है। बरसात के कारण बर्फखाना रोड, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस रोड, बहादुरगढ़ रोड, सिलानी गेट, आंबेडकर चौक सहित कई इलाकों में पानी जमा हो गया। बर्फखाना रोड पर गहरे गड्ढों में पानी जमा हो गया। इसी प्रकार से बहादुरगढ़ रोड निर्माणाधीन होने के चलते वहां भी गड्ढों में पानी जमा हो गया। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी हुई। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने एक तरफ से बहादुरगढ़ रोड को उखाड़ा हुआ है।
झज्जर-40 एमएम
बहादुरगढ़-2.6 एमएम
मातनहेल-25 एमएम
बेरी- 20 एमएम
साल्हावास-24 एमएम
बादली-5 एमएम