संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही मेवों के दामों में तेजी ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। पिछले एक माह में पिस्ता, काजू, बादाम, अंजीर और अखरोट समेत कई मेवों के भाव में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इसका असर मेवों से तैयार होने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ने लगा है।
मेवा विक्रेता दीपक ओहल्याण के अनुसार, पिछले एक माह में पिस्ता सबसे अधिक महंगा हुआ है। पिस्ता पहले 1100 से 1300 रुपये किलो बिक रहा था, जो अब 1300 से 1700 रुपये किलो तक पहुंच गया है। काजू के भाव 1220 से बढ़कर करीब 1400 रुपये, बादाम 900 से 1200 रुपये, अंजीर 1800 से 2100 रुपये और अखरोट 1400 से बढ़कर 1700 रुपये किलो हो गया है। उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने पर मेवों के दाम में और तेजी आ सकती है।
मेवों की कीमत बढ़ने का सीधा असर बादाम रगड़ा, मिल्कशेक, ड्राई फ्रूट केक, मेवा पाउडर, चिक्की और पंजीरी जैसे उत्पादों पर दिखाई दे रहा है।
सेक्टर-6 निवासी लक्ष्मी देवी ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने बादाम 900 रुपये किलो खरीदा था, जबकि अब इसकी कीमत 1200 रुपये किलो हो गई है। काजू के दाम में भी 200 से 250 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
पटेल नगर निवासी साहिल ने बताया कि वह रोजाना जिम के बाद बादाम रगड़ा पीते हैं। पहले इसकी कीमत 150 से 200 रुपये थी, लेकिन मेवों के भाव बढ़ने से अब इसमें करीब 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है।