01jjrp05- बेरी में पिचकारी, रंग की दुकान में बैठे बच्चे। संवाद
बेरी। बाजार में होली के लिए रंग-गुलाल और पिचकारियां दुकानों में सज गई है। शिव चौक से लेकर मुख्य बाजार तक दुकानों को सजा रखा था। बाजार में सबसे अधिक बच्चों की टैंक वाली व अन्य छोटी-बड़ी पिचकारी व हर्बल गुलाल की मांग है।
दुकानदार होलिका दहन के दिन ही ग्राहकों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं। बेरी मुख्य बाजार में पिछले कई वर्षो से रंग-पिचकारी की स्टाल लगाने वाले पवन उर्फ छांगा का कहना है कि आजकल बाजारों में त्योहार की रौनक दिन के दिन होती है। अभी तो ग्राहक इक्का-दुक्का आ रहे हैं और कुछ रेट पूछ कर चले जाते है।
फाग से एक दिन पहले होलिका दहन के दिन ग्राहकों की भीड़ अधिक होने की उम्मीद है। इस बार बाजार में अलग-अलग तरह की पिचकारी, गुब्बारे और अन्य आकर्षक आइटम आए हुए हैं। प्रेशर वाली पिचकारी 100 से लेकर 300 रुपये तक उपलब्ध है। टैंक के रूप में पिचकारी 150 से लेकर 400 रुपये तक की बिक रही है।
होली के रंगों से सेहत का भी रखें ख्याल : एमओ
बेरी नागरिक अस्पताल के एमओ डॉ. नारायण का कहना है कि होली के त्योहार की मस्ती में अपनी सेहत की सुरक्षा का भी ख्याल रखना है। केमिकल युक्त रंगों की बजाय हर्बल गुलाल का प्रयोग ही ठीक है। कई बार केमिकल का रिएक्शन होने से त्वचा को नुकसान हो जाता है।