झज्जर। नया बस अड्डा बनने के बाद पुराना बस अड्डा की हालत खस्ता हो चुकी है। अब यहां केवल गंदा पानी जमा होता है। रोडवेज प्रशासन यहां पर पार्किंग शुरू करना चाहता है, लेकिन उसके लिए भी कोई आगे नहीं आ रहा है। यहां पार्किंग बनती है तो इससे रोडवेज को राजस्व मिलेगा, वहीं शहर में पार्किंग की जगह का विकल्प मिल जाएगा।
रोडवेज की तरफ से जुलाई माह में नए बस अड्डे पर स्थित दुकानों की नीलामी के अलावा पुराना बस अड्डे पर पार्किंग शुरू करने की सूचना जारी की थी। इनकी नीलामी 31 जुलाई को रखी गई थी, लेकिन नीलामी के दौरान कोई बोलीदाता नहीं आया। ऐसे में न तो दुकानों की नीलामी हो सकी और न ही पार्किंग का काम शुरू हो पाया। रोडवेज की तरफ से पुराना बस अड्डा पर साइकिल, स्कूटर, कार, ट्रैक्टर पार्किंग शुरू की जानी है। बस अड्डा रोहतक रोड पर शिफ्ट होने के कारण पुराना बस अड्डा की हालत खराब होती जा रही है। यहां पर बारिश के दिनों में गंदा पानी जमा हो जाता है। पिछले दिनों आई तेज बारिश का सारा गंदा पानी जमा हो गया था। पिछले सप्ताह ही गंदे पानी को पाइपों के जरिये बाहर निकाला गया है।
शहर को पार्किंग की जरूरत, फिलहाल अवैध रूप से बनी पार्किंग
झज्जर शहर में लघु सचिवालय को छोड़कर कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। शहर में वाहन चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। यही नहीं पुराना बस अड्डा पर लंबे समय से अवैध रूप से लोग वाहन खड़ा करते हैं। इनमें कई निजी स्कूलों की बसों के अलावा निजी वाहन खड़ा होते हैं।
वर्जन
पुराना बस अड्डा पर पार्किंग के लिए ठेका दिया जाना था, लेकिन कोई बोली में शामिल नहीं हुआ। इसके अलावा दुकानों का भी ठेका छोड़ा गया था, लेकिन कोई नहीं आया।
संजीव तिहाल, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज झज्जर डिपो