संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीजीआईएमएस) के शरीर रचना (एनाटॉमी) विभाग में शनिवार को ऑर्थोपेडिक्स विभाग के सहयोग से 44वें नॉर्थ जोन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन कॉन्फ्रेंस के अवसर पर प्रथम कैडेवरिक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। पहली बार पीजीआई में इस प्रकार की कैडेवरिक वर्कशॉप आयोजित की गई है। इस आयोजन ने शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में कदम उठाया है।
इसके साथ ही ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों को व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर भी दिया है। कैडेवरिक वर्कशॉप की को-ऑर्डिनेटर डॉ. आरती एवं डॉ. कमल सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धि है। इससे सर्जनों को प्रत्यक्ष अभ्यास का अनुभव प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर आर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ. रूप सिंह, डॉ. आशीष देवगन व डॉ. जितेंद्र वाधवानी ने एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. एसके राठी को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान घुटना आर्थोस्कोपी के 20 व 10 फैकल्टी सदस्य, स्पाइन वर्कशॉप के 12 प्रतिभागी व सात फैकल्टी सदस्य, प्राइमरी नी आर्थोप्लास्टी के 15 प्रतिभागी व आठ फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। इमें डॉ. अजय श्योराण, डॉ. साहिल अरोड़ा व अन्य उपस्थित रहे।