छोटूराम नगर रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही शव घर ले जाने लगे तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद ही शव परिजनों को सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार हरदोई यूपी की निवासी कमला त्रिपाठी अपने परिवार सहित शहर के विवेकानंद नगर में किराये के मकान में रहती थी। शुक्रवार की शाम वह अपने बेटे हिमांशु के साथ बाइक पर सवार होकर छोटूराम नगर में दवाई लेने के लिए गई थी, जब वह छोटूराम नगर के पास पहुंचे तो फाटक बंद थी। फाटक बंद देखकर हिमांशु ने अपनी बाइक रोक ली। इसी बीच जब कमला बाइक से उतरकर रेल ट्रैक क्रॉस करने लगी तो वह मालगाड़ी की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके बेटे ने उसे संभाला और उपचार के लिए शहर के ट्रॉमा सेंटर में लेकर आया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच में उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
नहीं चाहते थे पोस्टमार्टम
मृतक महिला के घर वाले पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं चाहते थे। ऐसे में चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित करने के बाद परिजन उसे घर ले जाने लगे तो जीआरपी थाना पुलिस अस्पताल में पहुंच गई और शव को वापस वाहन से उतरवाया। परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम कार्रवाई न करवाने की बात कही, मगर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई को जरूरी बताया। इसके बाद शनिवार को शव को पोस्टमार्टम करवा कर ही परिजनों को सौंप गया।