बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित सूर्या नगर अवैध औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। यहां पर सात फैक्टरियों में छापा मारा गया। इसमें लोहा पिघलाकर ढलाई की जा रही थी। यहां प्रदूषण भी भारी मात्रा में फैलाया जा रहा था। सभी फैक्टरियों को सील करने का नोटिस दिया गया है, संचालकों से 15 दिन में जवाब मांगा गया है।
दरअसल, सूर्या नगर में बड़े स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति लिए बिना फैक्टरियां चल रही हैं। नियमों को दरकिनार कर चली रही यह फैक्टरियां भारी मात्रा में प्रदूषण भी फैला रही हैं। सूर्या नगर में चल रही अवैध फैक्टरियां प्रदूषण की वजह से दिल्ली से निकाली गई हैं और बिना सीएलयू, बिना नक्शा पास कराए बोर्ड की अनुमति के बिना ही चल रही हैं।
बड़े पैमाने पर फैक्टरियों द्वारा फैलाया जा रहा था प्रदूषण
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शनिवार को छापा मारते हुए सात फैक्ट्रियां पकड़ी। इन फैक्ट्रियों में लोहे को पिघलाकर ढलाई का काम हो रहा था। लोहे को पिघलाने के कारण बड़े पैमाने पर सातों फैक्टरियां द्वारा प्रदूषण भी फैलाया जा रहा था। इन फैक्टरियाें ने प्रदूषण बोर्ड से अनुमति नहीं ले रखी थी। इनमें भट्ठी लगाई गई थी, लेकिन कोई चिमनी का प्रयोग नहीं हो रहा था। बोर्ड की टीम ने सातों फैक्टरियों को सील करने का नोटिस दे दिया है। अगर 15 दिन में नोटिस का जवाब नहीं मिलता है तो इन फैक्टरियाें को सील कर दिया जाएगा।
दिल्ली से निकाली गई फैक्टरियां चल रही हैं बहादुरगढ़ में
दिल्ली सरकार की ओर से दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरियां को बंद किया जा रहा है। इसके चलते उद्यमियों का रुख बहादुरगढ़ की तरफ हो रहा है। वैध औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन कम होने और काफी महंगी होने के कारण ये अवैध रूप से पनप रहे औद्योगिक क्षेत्रों में चलाई जा रही हैं। इन स्थानों पर जमीन सस्ती है और किराया भी काफी कम है। इसी वजह से उद्यमी यहां पर अपना कारोबार चला रहे हैं। सरकारी विभागों की अनदेखी के कारण यहां पर यह धंधा काफी फल-फूल रहा है। मगर अब इन अवैध औद्योगिक क्षेत्रों में बिना अनुमति के चल रही प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरियां प्रदूषण बोर्ड के निशाने पर आ गई हैं। बोर्ड के अधिकारियों की मानें तो अवैध रूप से चल रहीं इस तरह की फैक्टरियाें को अब किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। उन पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम विंडो के माध्यम से मिली शिकायत
सीएम विंडो पर शिकायत मिली थी कि सूर्या नगर में काफी संख्या में फैक्टरियां अवैध रूप से चल रही हैं। इसको लेकर सूर्या नगर में कार्रवाई की गई। इस दौरान सात फैक्टरियाें की जांच की गई, जो अवैध रूप से चल रही थीं। इनमें लोहे को पिघलाने का काम किया जा रहा था। इससे बड़े पैमाने पर प्रदूषण फैल रहा था। बोर्ड से भी इन फैक्टरियाें के संचालकों ने कोई अनुमति नहीं ले रखी थी। इनको सील करने का नोटिस दे दिया है। जवाब 15 दिनों में मांगा गया है।
-रविंद्र यादव, एसडीओ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़।