साइबर पुलिस ने टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह के पांच आरोपियों भिवानी के सुई गांव निवासी किस्मत, जींद के अलेवा गांव निवासी राहुल, हिसार की लेबर कॉलोनी निवासी राहुल, उत्तर प्रदेश के बिजनौर स्थित नाथाडोई तहसील धामपुर निवासी मुकुल और उत्तर प्रदेश के रायबरेली हाल चंडीगढ़ के सेक्टर-56 निवासी सूरज को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और कई बारकोड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेशानुसार जींद के अलेवा निवासी राहुल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि बाकी चार आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन में साइबर क्राइम टीम की तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रैकिंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कुछ समय पहले सभी आरोपी चंडीगढ़ में मिले थे। उस समय वहां कोई मजदूरी तो कोई घूमने गया हुआ था। सभी ने आपसी संपर्क में आने पर लोगों को निवेश के नाम पर ठगने की योजना बनाई। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कई लोगों को ठग चुके हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इसके अलावा कई अन्य के भी शामिल होने की संभावना है।