संवाद न्यूज एजेंसी
11वीं हरियाणा राज्य ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन करनाल में किया गया
झज्जर। 11वीं हरियाणा राज्य ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का दो दिवसीय आयोजन करण स्टेडियम करनाल में किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने 12 पदक जीते, जिनमें 4 स्वर्ण पदक शामिल हैं।
मीडिया प्रभारी खेल सत्यवीर धनखड ने बताया कि इस चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ी अब उत्तर क्षेत्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के नियमों के अनुसार देहरादून उत्तराखंड में आयोजित होगी। एएफआई के सदस्य राजकुमार मिटान ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह और महासचिव प्रदीप मलिक ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कृष गुलिया ने 400 मीटर हर्डल्स बालक अंडर-20 में स्वर्ण पदक जीता। हितेश जाखड़ ने पोल वॉल्ट बालक अंडर-20 में स्वर्ण हासिल किया। आर्यन ने जेवेलिन थ्रो बालक अंडर-20 में और दीपांशी ने हैमर थ्रो बालिका अंडर-20 में स्वर्ण पदक जीते। ध्रुव ने 5000 मीटर वॉक बालक अंडर-18, प्रतिभा ने ट्रिपल जम्प बालिका अंडर-20, खुशी ने शॉट पुट बालिका अंडर-20, अंजू शर्मा ने पेंटाथलॉन बालिका अंडर-16 और रितिका ने किड्स जेवेलिन थ्रो बालिका अंडर-14 में रजत पदक प्राप्त किए। प्रतीक जाखड़ ने जेवेलिन थ्रो बालक अंडर-18, मीनू ने हैमर थ्रो बालिका अंडर-20 और इंदु ने जेवेलिन थ्रो बालिका अंडर-18 में कांस्य पदक जीते।