सरकारी आर्थिक मदद के लिए बहादुरगढ़ में लघु सचिवालय के बाहर लगी अपंजीकृत श्रमिकों की भीड़।
- फोटो : Bahadurgarh
कोरोना वायरस से बचाव के लिए जरूरी सोशल डिस्टेंस की कमी लोगों में चिंता बढ़ा देती है। मंगलवार को कई दुकानों के अलावा कई सार्वजनिक स्थानों पर भी लोग सोशल डिस्टेंस कायम रखे हुए नजर नहीं आए। लघु सचिवालय के बाहर भी यही स्थिति दिखाई दी।
लॉकडाउन की अवधि में आर्थिक मदद प्राप्त करने के लिए काफी संख्या में पंजीकृत श्रमिक मंगलवार को सरल केंद्र के जरिए आवेदन करने लघु सचिवालय आए थे। कुछ ही देर में यहां आवेदकों की लंबी लाइन लग गई। लोग एक दूसरे के बहुत करीब खड़े हो गए। कई श्रमिक तो एक दूसरे से सटे हुए थे। हालांकि काफी लोगों ने मास्क तो पहना हुआ था, लेकिन एक-दूसरे के बीच पर्याप्त अंतर नहीं रखा गया था। पुलिस ने महिलाओं व पुरुषों की अलग-अलग लाइन बनवाई और एक-दूसरे से 5 फुट तक दूर रहने की हिदायत दी। यहां मौजूद नरेंद्र ने कहा कि इतनी भीड़ में किस व्यक्ति का कैसा स्वास्थ्य है ये नहीं कहा जा सकता। इसलिए इस तरह से भीड़ इकट्ठी होना खतरे से खाली नहीं होगा। सरकार को लोगों के बीच सख्ती से सोशल डिस्टेंस कायम करना चाहिए।
नगर पार्षद गुरदेव सिंह राठी ने कहा कि अगर शहर के प्रत्येक वार्ड में ये फॉर्म जमा करवाने की जिम्मेदारी पार्षदों को दी जाती तो ये समस्या नहीं आती। मंगलवार को किराना की कई दुकानों पर भी ग्राहकों के बीच पर्याप्त दूरी दिखाई नहीं दी। सब्जी मंडी के सामने वाली दुकानों पर तो ज्यादा चिंताजनक हालत थी।